G News 24 : भारतीय दूतावास ने वियतनाम नाव हादसे में मारे गए लोगों की जारी की लिस्ट !

इन तीन राज्यों के टूरिस्ट के नाम...

भारतीय दूतावास ने वियतनाम नाव हादसे में मारे गए लोगों की जारी की लिस्ट !

वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास हुए नाव हादसे में 15 भारतीय यात्रियों की मौत हो गई है. भारतीय दूतावास ने शनिवार (11 जुलाई, 2026) को इस संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि मरने वाले 15 लोगों में 13 पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं. भारतीय दूतावास ने सूची जारी कर बताया कि मरने वाले 15 लोगों में से तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के तीन और केरल के दो लोगों की मौत हुई है.

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर मरने वाले 15 भारतीय यात्रियों के नामों की सूची जारी की है. भारतीय दूतावास ने कहा कि वियतनाम के अधिकारियों से मरने वाले 15 भारतीयों के नामों की सूची मिली है. सूची के मुताबिक, जहाज पलटने से तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के तीन और केरल के दो लोगों की मौत हुई है. 

दूतावास ने हादसे में मरने वाले लोगों के परिवारों के प्रति जताई संवेदना 

हनोई में स्थित भारतीय दूतावास ने वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के नजदीक हुए नाव पलटने की वजह से मरने वाले भारतीय नागरिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. दूतावास ने पोस्ट शेयर कर कहा, ‘फू क्वोक के नजदीक हुए दुखद नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीयों की सूची शेयर करते हुए हमें बहुत दुख हो रहा है. यह लिस्ट हमें वियतनाम के अधिकारियों से मिली है. हमारी प्रार्थनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है.’ दूतावास ने आगे कहा, ‘हो ची मिन्ह सिटी में स्थित भारतीय दूतावास और कांसुलेट किसी भी तरह की मदद के लिए हर वक्त उपलब्ध हैं.’

हादसे के वक्त नाव में सवार थे 36 लोग, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक

एएनआई के रिपोर्ट के मुताबिक, फू क्वोक द्वीप के पास जब नाव पलटी, उस वक्त नाव में कुल 36 लोग सवार थे. इनमें से 32 भारतीय पर्यटक, तीन क्रू सदस्य और एक अटेंडेंट शामिल था. हादसे में 15 भारतीयों की जान चली गई, जबकि अन्य 17 यात्रियों और 4 क्रू सदस्यों यानी 21 लोगों को बचाव अभियान के दौरान सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, उन्हें घटनास्थल से बाहर निकालने के बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. 

Reactions

Post a Comment

0 Comments