पाकिस्तान में रची गई थी पहलगाम आतंकी हमले की साजिश...
जांच में बेनकाब हुआ पहलगाम का गुनहगार, NIA ने हाफिज सईद को माना मास्टरमाइंड !
कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने इस मामले में एक अहम कदम उठाया है. NIA की ओर से दाखिल की सप्लीमेंट्री चर्जशीट में आतंकी सरगना हाफिज सईद को इस हमले का मास्टरमाइंड करार दिया गया है. एनआईए की ओर से जम्मू स्थित विशेष NIA अदालत में यह सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई, जिसमें आतंकी सरगना हाफिज सईद को व्यक्तिगत रूप से भी आरोपी बनाया है. इसके साथ ही प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और उसके अन्य प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के प्रमुख और संस्थापक को भी इस चार्जशीट में नामजद किया गया है. पहलगाम आतंकी हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय एजेंसी को हाफिज सइद के खिलाफ कई सबूत मिले हैं.
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने माना कि इस आतंकी हमले की जांच के दौरान कई ऐसे सबूत मिले हैं, जिससे पता चलता है कि पहलगाम हमले की साजिश पाकिस्तान में रची गई थी. जांच एजेंसी ने पाया कि हाफिज सईद ने सीमा के पार बैठकर यह साजिश तैयार करने और आतंकियों को निर्देश देने के साथ पूरे ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर हाफिज सईद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2003 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की अलग-अलग धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं. इसके साथ ही भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने और आपराधिक साजिश रचने जैसी गंभीर धाराएं भी लगाई गई हैं.
एनआईए की ओर से कहा गया है कि जो सप्लीमेंट्री चार्जशीट अभी दायर की जा रही है, वह इससे पहले दायर की गई 1597 पन्नों की मूल चार्जशीट का विस्तार रूप है. सप्लीमेंट्री चार्जशीट में पाकिस्तान की साजिश, हाफिज सईद की भूमिका और जांच के दौरान जुटाए गए वैज्ञानिक सबूतों का विस्तृत ब्योरा शामिल है. एजेंसी का कहना है कि घटनास्थल की गहन जांच, फोरेंसिक विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सप्लीमेंट्री चार्जशीट को तैयार किया गया है. इससे पहले जो मूल चार्जशीट दायर की गई थी, उसमें पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर साजिद जट्ट को मुख्य आरोपी बनाया गया था. गौरतलब है कि इससे पहले 15 दिसंबर 2025 को एनआईए की ओर से मूल चार्जशीट दाखिल की गई थी.
इसमें पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर साजिद जट्ट को आरोपी बनाया गया था. वहीं, इसके साथ ही ऑपरेशन महादेव के दौरान जुलाई 2025 में सुरक्षा बलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया था, दो गिरफ्तार आरोपियों और LeT को भी इस हमले की साजिश रचने और अंजाम देने के आरोप में चार्जशीट में आरोपी माना था. उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक आंतकी हमला हुआ. आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया। धर्म के आधार पर लोगों को गोली मारी गई. इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी. इसमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक शामिल था. इस हमले की शुरुआती जांच पुलिस ने की थी, लेकिन बाद में एनआईए को इस हमले की जांच सौंप दी गई.


0 Comments