G NEWS 24 : ISBT के सुचारु संचालन को लेकर बस ऑपरेटरों के साथ हुई बैठक

शीघ्र शुरू होगी ई-बस सेवा...

ISBT के सुचारु संचालन को लेकर बस ऑपरेटरों के साथ हुई बैठक

ग्वालियर। इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के सुचारु संचालन, यात्री सुविधाओं के विस्तार और बस संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) विक्रमजीत सिंह कंग की अध्यक्षता में बस ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईएसबीटी के संचालन को अधिक व्यवस्थित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान आरटीओ विक्रमजीत सिंह कंग ने बस ऑपरेटरों को बताया कि शहर में शीघ्र ही ई-बस सेवा प्रारंभ की जाएगी। ई-बसों के शुरू होने से यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आईएसबीटी तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इससे बस ऑपरेटरों को भी पर्याप्त संख्या में यात्री मिलेंगे और बस संचालन को बढ़ावा मिलेगा।

आईएसबीटी के वेंडर प्रतिनिधि मनेन्द्र ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई बस संचालक या वाहन स्वामी टिकट काउंटर का संचालन करना चाहता है तो निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार उसे टिकट काउंटर उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे यात्रियों को एक ही स्थान पर टिकट सुविधा मिलने के साथ बस संचालन व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित होगी।

बैठक में बस ऑपरेटर यूनियन के पदाधिकारी पदम गुप्ता, बलवीर सिंह तोमर, हरीशंकर पटेल, देवेन्द्र सिंह जादौन (बबलू), मुरैना से हरि सिंह सिकरवार, मुकेश सिंह एवं रणवीर सिंह सहित स्मार्ट सिटी के प्रतिनिधि सिद्धार्थ पाठक तथा परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में आईएसबीटी के प्रभावी संचालन और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों ने समन्वय के साथ कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।

Reactions

Post a Comment

0 Comments