G NEWS 24 : आईजी ग्वालियर जोन ने किया पुलिस अधीक्षक कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण

लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर दिया जोर...

आईजी ग्वालियर जोन ने किया पुलिस अधीक्षक कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण

ग्वालियर। पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविन्द कुमार सक्सेना ने सोमवार दिनांक 29.06.2026  को ग्वालियर जिले के वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय ग्वालियर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की सभी शाखाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा प्रशासनिक कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के प्रारंभ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन का स्वागत किया। इसके उपरांत पुलिस गार्ड द्वारा सलामी दी गई। पुलिस महानिरीक्षक ने गार्ड का निरीक्षण कर उनके उत्कृष्ट टर्नआउट एवं अनुशासन की सराहना करते हुए पुरस्कार देने की घोषणा की।

पुलिस महानिरीक्षक ने कार्यालय में लंबित शिकायतों, कर्मचारियों से संबंधित प्रकरणों तथा विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालयीन अभिलेखों का नियमित एवं व्यवस्थित संधारण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस  महानिरीक्षक ने ओएम शाखा का निरीक्षण कर जिले के अपराध रिकॉर्ड के संधारण की समीक्षा की तथा अपराधों का नियमित एवं अद्यतन इन्द्राज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अवकाश शाखा, आंकिक स्थापना शाखा एवं स्थापना शाखा का निरीक्षण कर पुलिस बल की वर्तमान स्थिति, इंक्रीमेंट, क्रमोन्नति तथा लंबित अनुकंपा नियुक्ति संबंधी प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

पुलिस महानिरीक्षक ने सेवा पुस्तिका  शाखा में अधिकारी एवं कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों का अवलोकन किया तथा समय-सीमा में आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विविध शाखा, वेतन शाखा, आवक-जावक शाखा, एसी-प्रथम, एसी-द्वितीय एवं जीपीएफ शाखा का निरीक्षण कर रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रखरखाव एवं लंबित पत्रों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने पेंशन प्रकरणों एवं लंबित कंडिकाओं के शीघ्र निराकरण पर भी विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने कोर्ट शाखा का अवलोकन कर न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान आरटीआई, जिला विशेष शाखा में पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन आदि का भी निरीक्षण किया गया।  

वार्षिक निरीक्षण के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर स्थित पार्क में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण का संदेश दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) सुजावल जग्गा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम/अपराध) सुमन गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जयराज कुबेर, डीएसपी मुख्यालय रोबिन जैन, रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार सहित पुलिस अधिकारी एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments