G NEWS 24 : स्वच्छ ग्वालियर ऐप पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करें : अपर आयुक्त

अधिक से अधिक नागरिकों को ऐप के उपयोग के लिए जागरूक करें...

स्वच्छ ग्वालियर ऐप पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करें : अपर आयुक्त

ग्वालियर। स्वच्छ ग्वालियर एवं स्वच्छता ऐप पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण हर हाल में समय सीमा में करें। उक्ताशय के निर्देश अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने स्वच्छता ऐप पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में सहायक यंत्री एसबीएम शैलेन्द्र सक्सैना, भवन अधिकारी वीरेन्द्र शाक्य, भवन अधिकारी राजू गोयल, यशवंत मैकले, राजीव सोनी, वेद प्रकाश निरंजन, सहायक यंत्री पीएचई सिद्धार्थ तिवारी, सहायक यंत्री विद्युत अभिलाषा बघेल सहित सभी उपयंत्री एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने स्वच्छ ग्वालियर एवं स्वच्छता ऐप पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की। 

बैठक में उन्होंने ऐप पर दर्ज शिकायतों का परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि जिन नागरिकों की शिकायतों का संतोषजनक निराकरण किया गया है, उनसे फीडबैक भी प्राप्त किया जाए, जिससे शिकायत निवारण व्यवस्था की प्रभावशीलता का आकलन किया जा सके। उन्होंने स्वच्छता ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं को देखते हुए पोर्टल को अपडेट करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतें संबंधित अधिकारियों के पास समय पर प्रदर्शित हों और उनका शीघ्र निराकरण हो सके। 

बैठक के दौरान जिन अधिकारियों द्वारा पोर्टल का नियमित लॉगिन नहीं किया गया, उन पर नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावनी दी गई। अपर आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों के निराकरण के प्रति गंभीरता बरतें और पोर्टल का नियमित उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वच्छ ग्वालियर ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों को ऐप के उपयोग के लिए जागरूक किया जाए, ताकि वे अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर सकें तथा शिकायत की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकें। इससे नागरिकों और नगर निगम के बीच संवाद एवं सेवा प्रदायगी की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनेगी।

Reactions

Post a Comment

0 Comments