G News 24 : पीएनबी में आधी रात सेंधमारी की कोशिश, बाथरूम की दीवार तोड़ बैंक में घुसा चोर !

 मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित मानसिक आरोग्यशाला चौराहे के पास का है... 

पीएनबी में आधी रात सेंधमारी की कोशिश, बाथरूम की दीवार तोड़ बैंक में घुसा चोर !

ग्वालियर। पीएनबी शाखा में दीवार तोड़कर घुसने वाले आरोपी को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दबोच लिया है। पुलिस अब उससे शहर की अन्य चोरी की वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। शहर में आधी रात को पंजाब नेशनल बैंक में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। एक चोर बैंक में सेंध लगाकर अंदर घुस गया लेकिन पुलिस वाहन का सायरन सुनते ही मौके से फरार हो गया। उसकी पूरी करतूत बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित मानसिक आरोग्यशाला चौराहे के पास मौजूद पंजाब नेशनल बैंक शाखा का है। जानकारी के अनुसार देर रात एक चोर बैंक के पीछे बने बाथरूम की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपी बैंक के भीतर चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसे बाहर पुलिस वाहन का सायरन सुनाई दिया। आहट मिलते ही वह बिना चोरी किए मौके से फरार हो गया। चोर की पूरी गतिविधि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। 

घटना की जानकारी मिलने पर बैंक के असिस्टेंट मैनेजर अरविंद सिंह ने बहोड़ापुर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी की पहचान संजय उर्फ बुल्ली भदौरिया के रूप में की है। आरोपी पागलखाना तिराहे के पास स्थित सुनारों की बगिया क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। 

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल बहोड़ापुर थाना पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments