G News 24 : ग्वालियर में युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने,शुरू हुई व्यापक करियर काउंसलिंग योजना !

स्कूली विद्यार्थियों को सही करियर पथ चुनने में मिलेगी मदद... 

ग्वालियर में युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने,शुरू हुई व्यापक करियर काउंसलिंग योजना !

ग्वालियर। शिक्षित बेरोजगारी की चुनौती से निपटने और स्कूली विद्यार्थियों को सही करियर पथ चुनने में मदद करने के लिए जिला रोजगार कार्यालय ग्वालियर ने एक महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है। कैरियर काउंसलिंग योजना के तहत शिक्षित बेरोजगार युवाओं को व्यावसायिक मार्गदर्शन और स्कूली बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रवेश परीक्षाओं, प्रोफेशनल कोर्सेज तथा स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला रोजगार कार्यालय ने इस अभियान के लिए योग्य मनोवैज्ञानिकों (काउंसलर्स) और विषय विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 24 जून 2026 तक अपने आवेदन रेडीमेड गारमेंट पार्क, गदाईपुरा स्थित जिला रोजगार कार्यालय में जमा कर सकते हैं। उप संचालक रोजगार पवन कुमार भिमटे के अनुसार, चयनित विशेषज्ञ जिले के स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को व्यक्तिगत और सामूहिक काउंसलिंग प्रदान करेंगे। 

पात्रता एवं चयन प्रक्रिया

  • - मनोवैज्ञानिक/काउंसलर: एम.ए. (मनोविज्ञान) या समकक्ष पी.जी. डिप्लोमा के साथ करियर काउंसलिंग का अनुभव अनिवार्य।
  • - विषय विशेषज्ञ: संबंधित क्षेत्र में डिग्री/डिप्लोमा तथा एडमिशन प्रक्रिया, प्रतियोगी परीक्षाओं या स्वरोजगार क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव।
  • -चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा-शैक्षणिक योग्यता को 75 अंक और अनुभव को 25 अंक (प्रति वर्ष 2.5 अंक) दिए जाएंगे।

चयनित विशेषज्ञों को प्रति दिन 1,000 रुपए का मानदेय मिलेगा। एक दिन में न्यूनतम 2 और अधिकतम 4 हाईस्कूल/हायर सेकेंडरी स्कूलों का दौरा करना होगा। भिमटे ने स्पष्ट किया कि यह कोई स्थायी सरकारी नौकरी नहीं है, बल्कि आवश्यकतानुसार एक वर्ष तक चलेगी। विशेषज्ञों को प्रति सत्र के आधार पर आमंत्रित किया जाएगा। यह योजना ग्वालियर के हजारों युवाओं और छात्रों को सही समय पर सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए जिला रोजगार कार्यालय, गदाईपुरा से संपर्क करें। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments