ग्वालियर में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत हुआ भव्य आयोजन ...
PM मोदी ने ग्वालियर सहित देशभर के कर्मचारियों व नियोक्ताओं के खातों में डाले 2400 करोड़ रुपए !
ग्वालियर 19 जून 2026/ युवाओं के लिये रोजगार सृजन, उन्हें औपचारिक रोजगार से जोड़ने और सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने के उद्देश्य से “प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना” के तहत शुक्रवार 19 जून को देशभर में 200 स्थानों पर हुए कार्यक्रमों के साथ ग्वालियर में भी भव्य आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित हुए मुख्य कार्यक्रम से इस योजना के तहत देशभर के लाभार्थियों के खातों में 2400 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि अंतरित की। जिसमें कर्मचारी भविष्य निधि संगठन क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर से जुड़े कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं के खातों में पहुँची लगभग 4 करोड़ रुपए की धनराशि शामिल है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ग्वालियर सहित देश भर में 200 स्थानों पर आयोजित हुए कार्यक्रमों में मौजूद लाभार्थियों व नियोक्ताओं को संबोधित किया।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में ग्वालियर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में क्षेत्रीय भविष्य निधि संगठन के तत्वावधान में प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, क्षेत्रीय आयुक्त कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ग्वालियर श्री सत्य वर्धन गौतम, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं कैट के वरिष्ठ पदाधिकारी भूपेन्द्र जैन मंचासीन थे। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत आयोजित हुए प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम में लाभार्थी कर्मचारियों एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों व नियोक्ताओं ने भाग लिया।
विकसित भारत के निर्माण को प्रधानमंत्री ने मजबूत आधार दिया है: विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी दूरदृष्टि के धनी है। प्रधानमंत्री ने आज के साथ देश के उदयीमान कल का निर्माण करने के लिये प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण को क्रांतिकारी योजनाओं के माध्यम से मजबूत आधार दिया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की बदौलत श्रमिकों की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य के निर्माण को लेकर शुरू की गई इस योजना में लगभग एक लाख करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है। इससे साढ़े तीन करोड़ से अधिक रोजगार सृजन किए जायेंगे। श्री तोमर ने कहा कि वर्ष 2014 में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन से देश में 6 करोड़ कर्मचारियों की सदस्यता थी जो अब बढ़कर 8 करोड़ से अधिक हो गई है। इस प्रकार प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल में ढाई करोड़ से अधिक रोजगार सृजन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के माध्यम से हुए हैं। श्री तोमर ने कहा कि वर्ष 2014 में श्रमिकों को मात्र 100 से 200 रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलती थी। जिसे बढ़ाकर अब एक हजार रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। पहले भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की 11वी अर्थव्यवस्था थी जो अब चौथी अर्थव्यवस्था बन गई है।
स्वरोजगार सृजन और श्रमिक कल्याण के लिये यह ऐतिहासिक पहल: सांसद श्री कुशवाह
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि खुशी की बात है देश में पहली बार भविष्य निधि संगठन से जुड़े कामगारों के खातों में एक साथ 2400 करोड़ रुपए की धनराशि पहुँचाई गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार रोजगार सृजन एवं कर्मचारियों के कल्याण के लिये क्रांतिकारी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना निश्चित ही प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिये लिए गए संकल्प में महती भूमिका निभायेगी।


0 Comments