बैग में दिल्ली से 500 के नोटों की 20 गड्डियों के रूप में कैश भरकर लाया था ...
गतिमान एक्सप्रेस में इंजीनियर का 10 लाख रुपए से भरा सूटकेस छूटा,पुलिस ने ढूंढ कर वापस सोंपा !
ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर एक कंपनी के इंजीनियर का करीब 10 लाख रुपए से भरा सूटकेस गायब हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस सक्रिय हो गई और 2 से 3 घंटे के भीतर सूटकेस को बरामद कर लिया है। दरअसल, जिंदल कंपनी में इंजीनियर पद पर कार्यरत राजीव खन्ना दिल्ली से ग्वालियर के लिए गतिमान एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। वे ट्रेन के कोच नंबर सी-8 की सीट नंबर 30 पर यात्रा कर रहे थे। उनके पास एक सूटकेस था, जिसमें करीब 10 लाख रुपए नकद रखे हुए थे। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद जब वे ट्रेन से उतरे तो उन्हें ध्यान आया कि उनका सूटकेस गायब है।
रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली
सूटकेस में बड़ी रकम होने के कारण राजीव खन्ना घबरा गए और तत्काल जीआरपी थाना पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और ट्रेन में मौजूद स्टाफ तथा अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की गई।
पुलिस ने सूटकेस को अपने कब्जे में लेकर पुष्टि कराई
जांच में पता चला कि सूटकेस ट्रेन में ही रह गया था। संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर ट्रेन की लोकेशन ट्रेस की गई। जांच के दौरान ग्वालियर और दतिया के बीच ट्रेन में ही सूटकेस सुरक्षित मिल गया। पुलिस ने सूटकेस को अपने कब्जे में लेकर उसकी पुष्टि कराई और बाद में राजीव खन्ना को सौंप दिया। करीब 10 लाख रुपए से भरा सूटकेस सुरक्षित वापस मिलने के बाद राजीव खन्ना के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिस और रेलवे अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।


0 Comments