पृथ्वी ताल का बदला स्वरूप...
जल गंगा संवर्धन अभियान से ग्वालियर को मिला नया हरित-जल धरोहर !
ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत वार्ड 61 स्थित पृथ्वी ताल के सौंदर्यकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शनिवार को निगम आयुक्त संघ प्रिय ने स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पृथ्वी ताल की एप्रोच रोड को और बेहतर बनाने, क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने तथा शेष छोटे-मोटे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, मुनीश सिंह सिकरवार, कार्यपालन यंत्री सुरेश अहिरवार, पवन सिंघल, उपायुक्त मुकेश बंसल, सहायक यंत्री अमित गुप्ता, पवन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
करीब 7.27 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला पृथ्वी ताल जैव विविधता की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। परियोजना के तहत तालाब में जमा गाद और सिल्ट की सफाई कर उसकी जलधारण क्षमता को बढ़ाया जा रहा है, जिससे वर्षा जल का अधिक संचयन संभव हो सके। साथ ही जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए जलीय पौधों का उपयोग भी किया जाएगा।
नगर निगम द्वारा इस परियोजना पर लगभग 3.49 करोड़ रुपये (जीएसटी सहित) की लागत से कार्य कराया जा रहा है। प्रमुख कार्यों में तालाब के दोनों ओर सफाई, जल निकासी चैनलों का सुदृढ़ीकरण, एप्रन पर स्टोन पिचिंग और वॉकिंग ट्रैक का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त नागरिकों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, आधुनिक लाइटिंग सिस्टम तथा हरित क्षेत्र का विकास भी किया जा रहा है।
इस पहल से न केवल ग्वालियर शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि जैव विविधता को भी नया जीवन मिलेगा। अनुमान है कि आने वाले समय में यहां लगभग 120 प्रकार की पक्षी प्रजातियां देखी जा सकेंगी, जिससे यह क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाएगा।
रमौआ ई बस स्टैण्ड का किया निरीक्षण
नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने रमौआ स्थित ई बस स्टैण्ड का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य को तेज गति से करने के निर्देश दिए। उन्होंने रमौआ ई. बस स्टैण्ड का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
रमौआ डैम को किया जाएगा वॉटर स्पोर्ट्स के लिए विकसित
नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने रमौआ डैम का निरीक्षण किया तथा डैम को विकसित करने एवं वॉटर स्पोर्ट्स के लिए तैयार करने तथा आसपास हरियाली के लिए विकसित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही आईटीएम एवं साइंस कॉलेज वाली रोड का भी निरीक्षण किया तथा रोड के दोनों और पर्यावरण संरक्षण के हिसाब से हरियाली बढ़ाने एवं अन्य विकास कार्यों का प्लान बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।


0 Comments