Random Posts

header ads
header ads

G News 24 : बिरला नगर अस्पताल को मिली अत्याधुनिक 'सी-आर्म मशीन की सौगात !

 अस्थि रोग से पीड़ित पहले मरीज का मशीन द्वारा सफल आपरेशन भी किया गया...

बिरला नगर अस्पताल को मिली अत्याधुनिक 'सी-आर्म मशीन की सौगात !

ग्वालियर। उप नगर ग्वालियर में सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इस क्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को बिरला नगर सिविल अस्पताल एवं प्रसूति गृह में अत्याधुनिक 'सी-आर्म मशीन' का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तकनीक के इस विस्तार से अब क्षेत्र के नागरिकों को जटिल सर्जरी और उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। 

इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव, सिविल अस्पताल बिरला नगर के अधीक्षक डॉ.जेके मसोरिया, डॉ.एके खरे, डॉ.हरेन्द्र सिंह तोमर, डॉ.वरुण पाठक सहित अन्य प्रमुख चिकित्सक मौजूद रहे। 

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, आधुनिक एवं वैश्विक मानकों के अनुरूप चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि सी-आर्म मशीन एक मोबाइल मेडिकल इमेजिंग डिवाइस है, जो सर्जरी के दौरान रियल-टाइम एक्स-रे (फ्लोरोस्कोपी) छवियां प्रदान करती है। इसका मुख्य उपयोग ऑर्थोपेडिक (हड्डी), कार्डियोलॉजी, और यूरोलॉजी सर्जरी में शरीर के आंतरिक अंगों को देखने, हड्डियों को जोड़ने, स्टेंट लगाने, या कैथेटर को सही स्थान पर पहुंचाने के लिए किया जाता है। 

ऊर्जा मंत्री ने इस दौरान बिरला नगर अस्पताल में उपचाराधीन रोगियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। साथ ही अस्पताल परिसर की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार और रोगियों से जुड़ी सुविधाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए।

पहला सफल आपरेशन हुआ 

सिविल अस्पताल एवं प्रसूति गृह बिरला नगर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा सी-आर्म मशीन का लोकार्पण किए जाने के उपरांत विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा अस्थि रोग से पीड़ित पहले मरीज का सफल आपरेशन भी किया गया। 

Post a Comment

0 Comments