पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026
निर्वाचन आयोग की बड़ी कार्रवाई,पांच पुलिस अधिकारी निलंबित !
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के विधानसभा चुनाव के दौरान पक्षपात के आरोपी पाए गए कई पुलिस अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई है। आयोग ने आईपीएस समेत पांच पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है।
भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान गंभीर अनियमितता और पक्षपात करने के आरोप में पांच पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है। निलंबित हुए अधिकारियों में आईपीएस समेत एसडीपीओ और प्रभारी निरीक्षक भी शामिल हैं।
आईपीएस समेत पांच अधिकारी निलंबित
निलंबित अधिकारियों में संदीप गराई (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डायमंड हार्बर), साजल मंडल (एसडीपीओ, डायमंड हार्बर), मौसम चक्रवर्ती (इंस्पेक्टर इंचार्ज, डायमंड हार्बर पुलिस स्टेशन), अजय बाग (इंस्पेक्टर इंचार्ज, फलता पुलिस स्टेशन) और शुभेच्छा बाग (ऑफिसर इंचार्ज, उस्थी पुलिस स्टेशन) शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने इन अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान निष्पक्षता और आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
चुनाव आयोग ने यह भी कहा है कि आईपीएस अधिकारी संदीप गराई के मामले में उनकी कैडर नियंत्रक प्राधिकरण, यानी केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक विस्तृत रिपोर्ट भेजी जाएगी। बता दें कि कदाचार और पक्षपात का आरोप हैं। इसके अलावा, डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक ईशानी पाल को चुनाव जैसे संवेदनशील मामलों में अपने अधीनस्थ अधिकारियों की ओर से अनुशासन और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में विफल रहने के लिए चेतावनी जारी की गई है।


0 Comments