भट्ठी जैसे तप रहे दिल्ली-UP और ये राज्य ...
देश के 36 शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक,गर्मी के बीच बारिश संभावना !
उफ्फ ये गर्मी! हे भगवान गर्मी से कब राहत मिलेगी.....प्रभु बारिश करा दो....दिल्ली-यूपी सहित पूरे उत्तर भारत में गर्मी के प्रचंड तेवर देखने के बाद लोग बस यही कहते दिख रहे हैं. दिन में बाहर निकलो तो लू के थपड़े पड़ रहे हैं तो ऊपर से चुभती तेज धूप लोगों के पसीने छुड़ा रही है. दिन में ऊंचे फ्लोर में रहने वाले लोगों के लिए घर किसी भट्टी के समान है.
देश के 36 शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक है. दिल्ली में 44 डिग्री तक तापमान पहुंच गया है. मौसम विभाग ने हालांकि 26 अप्रैल से कई प्रदेशों में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है. मई और जून में औसत से अधिक हीटवेव के दिन होने की आशंका जताई गई है, जिससे गर्मी का प्रभाव बढ़ने की संभावना है
आलम ये है कि देश के 36 शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक है. मौसम विभाग ने हालांकि 26 अप्रैल से कई प्रदेशों में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है जिसके बाद लोगों को थोड़ी ही सही राहत तो मिलेगी. आइए आपको आज के मौसम के साथ आगे का भी हाल बता देते हैं.
दिल्ली में आग उगल रही गर्मी
देश की राजधानी दिल्ली भी इस भीषण गर्मी से अछूती नहीं है. आज अधिकतम तापमान 44 डिग्र तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री को छू सकता है. आज हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है. 26 और 27 अप्रैल को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहेगा पर 28 अप्रैल को तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. दिल्ली में 24 अप्रैल को रिज सबसे ज्यादा गर्म रहा जहां अधिकत तापमान 43.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहा. दिल्ली से सटे बाकी राज्यों जैसे पंजाब-हरियाणा की बात करें तो दोनों ही प्रदेशों में 26 अप्रैल से गरज-चमक के साथ तेज हवाएं गर्मी के तेवर कम कर सकती हैं. मौसम विभाग ने 30 अप्रैल तक आंधी के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की है.
पहाड़ी राज्य भी गर्म
गर्मी का प्रकोप पहाड़ी राज्य उत्तराखंड भी पहुंच गया है. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में भी 26 अप्रैल से मौसम बदलेगा. उत्तराखंड में उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 7 दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है,जिसके मुताबिक अगले 24 घंटे में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग ,चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में हल्की बारिश की संभावना है, उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक की सीएस तोमर ने ये जानकारी दी. 25 अप्रैल से 26 अप्रैल उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्र हरिद्वार, उधम सिंह नगर जिलों को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है. उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने बताया कि 27 अप्रैल से बारिश का सिलसिला और ज्यादा होने की संभावना है जिसमें उत्तरकाशी ,रुद्रप्रयाग, चमोली ,बागेश्वर ,पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और पर्वतीय क्षेत्र में हल्की बर्फबारी का अलर्ट है. मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने बताया कि 30 अप्रैल तक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी जिस तापमान में गिरावट आ सकती है.
इन राज्यों में तापमान बना रहा रिकॉर्ड
भारत मौसम विभाग के शुक्रवार को कहा कि देश के 36 शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया! गुरुवार को देश के 24 शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया था. उत्तर प्रदेश का प्रयागराज सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा बढ़कर 45.2 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है.महाराष्ट्र के विदर्भ में अकोला 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दूसरा सबसे गर्म शहर रहा, जबकि 44.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ झारसुगुडा (ओडिशा) और अमरावती (महाराष्ट्र) तीसरे सबसे गर्म शहर रहे.
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
पूर्वी उत्तर प्रदेश में हरदोई, वाराणसी और प्रयागराज तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर, मेरठ, आगरा और अलीगढ में भी लू का प्रकोप महसूस किया गया. भारत मौसम विभाग ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, पूर्वी भारत से सटे पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी तट को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40-45℃ के बीच रिकॉर्ड किया गया है. भारत मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की है.राजस्थान में भी 25 अप्रैल तक लू की संभावना है. उसके बाद 30 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
भारत मौसम विभाग की ताजा पूर्वानुमान रिपोर्ट के मुताबिक अगले कुछ दिनों में निम्नलिखित राज्यों/केंद्रशासित प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है:
- 25 अप्रैल 2026 : पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली
- 25-26 अप्रैल 2026 : पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान
- 25-27 अप्रैल 2026: पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य भारत
मई में गर्मी लेगी असली इम्तिहान
भारत मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल मई और जून महीने में रिकॉर्ड गर्मी पड़ने की आशंका है. इन दोनों महीनों के दौरान देश के कई हिस्सों में औसत से काफी ज्यादा हीटवेव चलने का पूर्वानुमान है. आमतौर पर मई और जून महीने में हर महीने 3 से 7 हीटवेव के दिन रिकॉर्ड किए जाते हैं,लेकिन इस साल भारत मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लू वाले दिनों की संख्या मई और जून में औसत से 5 से 7 दिन ज्यादा रहेगी.


0 Comments