"सिविल सर्विस डे पर IPS अधिकारी को धमकाना लोकतंत्र पर कलंक"
IPS एसोसिएशन का विधायक प्रीतम लोधी पर पलटवार !
शिवपुरी/भोपाल। मध्यप्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ ने पिछोर विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी (भापुसे) द्वारा करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में की गई अमर्यादित और धमकी भरी टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए तत्काल उचित कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला ?
पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वे करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के बारे में अत्यंत अभद्र, अपमानजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करते नजर आए। नव नियुक्त IPS अधिकारी और उनके परिवार तक को इस वीडियो में निशाना बनाया गया।
IPS एसोसिएशन ने कहा यह अस्वीकार्य है !
मध्यप्रदेश IPS एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं ADG चंचल शेखर ने आज दिनांक 21 अप्रैल 2026 को जारी प्रेस नोट में स्पष्ट कहा कि यह आचरण एक जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के सर्वथा विपरीत है। संघ ने कहा कि इस प्रकार की धमकीपूर्ण भाषा प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता को सीधे आहत करती है और समस्त अधिकारियों के मनोबल पर प्रतिकूल असर डालती है।
सिविल सर्विस डे पर यह घटना और भी शर्मनाक !
संघ ने इस बात पर विशेष रोष जताया कि यह वीडियो और यह विवाद उस दिन सामने आया जब पूरा देश सिविल सर्विस दिवस मना रहा है। संघ ने कहा — "यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण संयोग है कि जिस दिन सिविल सेवकों के योगदान को सम्मान दिया जाता है, उसी दिन एक जनप्रतिनिधि द्वारा IPS अधिकारी को इस तरह अपमानित किया जा रहा है।"
सवाल जो उठता है !
एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि का काम कानून-व्यवस्था को दिशा देना है, न कि अधिकारियों को सार्वजनिक मंच पर धमकाना। जब विधायक खुद इस तरह का व्यवहार करेंगे तो जिले का आम अपराधी क्या सोचेगा? IPS एसोसिएशन ने उचित कार्रवाई की मांग की है,अब गेंद सरकार के पाले में है।


0 Comments