धाराशिव जिले की निवासी ये सभी आरोपी महिलाएं 18 से 40 वर्ष की आयु की हैं...
ट्रेन में डकैती डालने निकली 9 महिलाएं हुई गिरफ्तार,RPF की सतर्कता से नाकाम हुई वारदात !
मुरादाबाद। महाराष्ट्र में सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में डकैती की योजना बनाने के आरोप में मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नौ महिलाओं को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। मध्य रेलवे के अनुसार, बुधवार रात कुर्दुवाड़ी रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ अपराध रोकथाम और जांच दल ने प्लेटफॉर्म पर तीन महिलाओं को संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखा। जांच के बाद उन्हें स्टेशन परिसर से बाहर जाने के लिए कहा गया, जिसके बाद वे लातूर एक्सप्रेस में सवार हो गईं। आरपीएफ कर्मियों ने डिवीजन के अन्य स्टेशनों को सूचना देकर उन पर नजर रखने को कहा।
संदिग्ध महिलाएं जेउर स्टेशन पर उतरीं और फिर मुंबई-सोलापुर सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में चढ़ गईं। आरपीएफ टीम ने उन पर निगरानी जारी रखी और उन्हें सोलापुर स्टेशन पर हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि वे एक डकैत गिरोह का हिस्सा थीं, जो सोलापुर और पुणे रेलवे डिवीजनों में सक्रिय था। 18 से 40 वर्ष की आयु की ये महिलाएं धाराशिव जिले की निवासी हैं और बाद में उन्हें कुर्दुवाड़ी में सरकारी रेलवे पुलिस को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) (डकैती की तैयारी) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।


0 Comments