GNews 24: मोतीझील पहाड़ी के पास शहरी क्षेत्र में दिनदहाड़े हो रहा है अवैध खनन !

 अफसर और मैदानी अमले की मिलीभगत से माफिया कर रहे हैं अवैध खनन...

 मोतीझील पहाड़ी के पास शहरी क्षेत्र में दिनदहाड़े हो रहा है अवैध खनन !

ग्वालियर। मोतीझील बायपास पर बदनापुरा के पास सफेद पत्थर की पहाड़ी पर रोज ब्लास्ट कर पत्थर निकाला जा रहा है। यहां से रोज 130-150 गाड़ी (ट्रॉली व लोडिंग ट्रक) पत्थर निकल रहा है। ये पत्थर खंडे के तौर पर बेचा जाता है। इस पहाड़ की न तो कोई लीज है और न ब्लास्टिंग एवं खनन की अनुमति। उसके बाद भी माफिया लगातार पत्थर निकाल-निकाल कर पहाड़ को खत्म किए जा रहे हैं। वह भी रात के अंधेरे में नहीं, बल्कि सुबह से शाम के वक्त में। यह सब अफसर और मैदानी अमले की मिलीभगत से माफिया अवैध खनन कर रहे हैं। इस मिलीभगत के कारण माफिया के हौंसले बुलंद हैं। 

अवैध खनन रोकने एवं माफिया पर कार्यवाही का सीधा जिम्मा खनिज विभाग का है। लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इस पहाड़ को खत्म करने वाले माफिया के खिलाफ सख्त कार्यवाही नहीं की है। स्थानीय लोगों की मानें तो यदि शिकायत कर भी दो तो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर जुर्माना लेकर छोड़ देते हैं, लेकिन माफिया को नहीं पकड़ते हैं। इस बायपास पर एंट्री के साथ ही मोतीझील तिराहा, रेशमपुरा तिराहा और दूसरी साइड गोल पहाडिया पर पुलिस चेक प्वाइंट है। जिन पर पुलिस तैनात तो रहती है, लेकिन अवैध खनन कर इस पत्थर की गाड़ियों को नहीं रोका जाता। क्योंकि, प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी मिलीभगत कर खुद ही गाडियां पास करा देते हैं। मोतीझील बायपास पर बदनापुरा तिराहे के पास ही इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम है। इस स्टेडियम से करीब 150 मीटर की ही दूरी पर पहाड़ में ब्लास्ट हो रहे हैं। इन ब्लास्ट से न सिर्फ आसपास की बस्तियों में बल्कि स्टेडियम तक भी धमक पहुंच रही है। अभी स्टेडियम की दर्शक क्षमता बढ़ाने के लिए निर्माण कार्य चल रहा है और ये ब्लास्टिंग इस काम के लिए भी घातक साबित हो सकता है। यहां के दुकानदार बताते हैं कि अक्सर ब्लास्टिंग देर शाम की जाती है और फिर अलसुबह पत्थर की सप्लाई शुरू होती है।

कई जगह अवैध खनन

रक्कस पहाड़ी: मोतीझील की रक्कस पहाड़ी की मुरम खोदकर माफिया इसे खोखला कर चुके हैं। और अब वहां प्लॉटिंग हो रही है। खनिज विभाग ने यहां से गाड़ी और एलएनटी जब्त की, लेकिन कम जुर्माना लगाने के बाद छोड़ दिया।

बरा: मोतीझील बायपास के बरा गांव और थर गांव की पहाडियों में अवैध खनन हो रहा है। यहां से रोज कई ट्रैक्टर-ट्रॉली मुरम भरकर सप्लाई के लिए निकलते हैं।

Reactions

Post a Comment

0 Comments