बैठक मेंMPIDC, DCI व नगर-निगम सहित म. प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कं.के अधिकारी रहे उपस्थित...
ग्वालियर में स्थापित “औद्योगिक समस्याओं के एकल स्थल समाधान” हेतु बैठक आयोजित !
ग्वालियर। ग्वालियर शहर में स्थापित सभी औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान हेतु आज एक बैठक का आयोजन ‘चेम्बर भवन’ में किया गया । आज की “औद्योगिक समस्याओं के एकल स्थल समाधान” बैठक में महाप्रबंधक, एमपीआईडीसी-श्री अमन कुमार, नगर-निगम, श्री राकेश कश्यप, प्रबंधक, डीआईसी-श्री अल्ताफ रजा सहित म. प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कं. लि. के महाप्रबंधक-श्री संदीप कालरा आदि अधिकारीगण उपस्थित थे ।
बैठक के प्रारम्भ में अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि चेम्बर की स्थापना जब वर्ष-1906 में की गई थी, उसके पीछे उद्देश्य ही यह था कि व्यापारी बगैर किसी समस्या के अपना व्यापार करे और उद्योगपति अपना पूरा फोकस उद्योग को चलाने में लगाए तथा एक ऐसा संघटन बने जो कि उद्यमियों और सरकार के मध्य सेतु का कार्य करें । उसी उद्देश्य से हमारे द्वारा सर्व विभागीय एकल स्थल बैठक प्रारम्भ की गई है, जिसकी पिछली बैठक में यहाँ उपस्थित उद्योगपतियों द्वारा अपनी-अपनी समस्याएँ बताई गई थी, जिन्हें संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा तथा चेम्बर द्वारा नोटडाउन किया गया था ।
आपने कहा कि सर्वविभागीय बैठक की आवश्यकता इसलिए पड़ी ताकि सभी औद्योगिक क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो सके । आपने इस अवसर पर सभी औद्योगिक क्षेत्रों में व्याप्त ऐसी समस्याएँ जो कि पूर्व की बैठक में प्रस्तुत की गर्इं थी, उन्हें सिलसिलेवार प्रमुखता के साथ अधिकारियों के ध्यानार्थ प्रस्तुत किया । आपने कहाकि तानसेन नगर औद्योगिक क्षेत्र के पास नवनिर्मित आरओबी के नीचे बने नाले का मिलान अभी तक नहीं होने की समस्या का उल्लेख करते हुए कहाकि अगर इसका मिलान शीघ्र नहीं किया गया, तो बारिस के सीजन में काफी समस्या उत्पन्न होगी ।
इसलिए इस समस्या पर आगामी बैठक से पूर्व कार्यवाही होनी चाहिए । साथ ही, आपने आशा व्यक्त की कि पिछली बैठक में जो समस्याएँ आई थी, मुझे विश्वास है कि उनमें से अधिकांश समस्याओं का समाधान हो चुका होगा और अभी यहाँ उपस्थित विभाग के अधिकारीगण इसके संबंध में अवगत कराएँगे ।
बैठक का संचालन कर रहे, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल ने कहा कि उद्योगों की समस्याओं पर यह बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी और इसी श्रृंखला में आज यह द्वितीय बैठक आयोजित की गई है । हमारी टीम द्वारा सबसे पहले औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के निधान हेतु ‘पड़ाव चेम्बर’ की शुरूआत की गई थी, जिसके तहत प्रत्येक औद्योगिक क्षेत्र में पहुँचकर, संबंधित विभाग प्रमुख एवं उस क्षेत्र के उद्योगपतियों के साथ बैठकें आयोजित की गर्इं थीं ।
इस अवसर पर महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष-श्री संजय कपूर ने कहा कि पिछली बैठक में हमने जो सुझाव दिए थे, समस्याएँ कुछ उससे ज्यादा भी थी । आपने कहाकि नगर-निगम से अतिक्रमण तथा खण्डे के ट्रेक्टर जो कि विगत काफी वर्ष से खड़े हो रहे हैं, उन्हें महाराजपुरा पुलिस थाना के पास क्यों नहीं रोका जा सकता है क्योंकि महाराजपुरा थाना के पास काफी खुला क्षेत्र हैं । परन्तु यह ट्रेक्टर ट्राली औद्योगिक क्षेत्र में आकर प्रतिदिन खड़ी हो रहीं हैं और पूरे औद्योगिक क्षेत्र में आने वाली गाड़ियों को आने से ब्लॉक करते हैं । इसके साथ ही आपने कहाकि इण्डस्ट्रियल एरिया में आने वाली गाड़ियों से कुछ गुण्डातत्व के लोग पैसे वसूल करके अवैध रसीद काट रहे हैं । यह एक गंभीर समस्या है । दिन के समय में महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र में गाड़ियों का आवागमन पूर्व की भांति किए जाने तथा औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कों की पेच रिपेयरिंग व उसके पश्चात् भोपाल से धनराशि स्वीकृत होने पर सड़कों के डामरीकरण पर अपनी बात रखी ।
इसी के साथ बैठक में उपस्थित तानसेन नगर औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष-श्री अशोक प्रेमी, बाराघाटा औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष-श्री सोबरन सिंह तोमर एवं गिरबाई उद्योग नगरी से पधारे प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र में सीवर लाईन की समस्या सहित नियमित रूप से सफाई व कचड़ा नहीं उठने, बाउण्ड्री वॉल का निर्माण आदि की माँग को प्रमुखता के साथ प्रस्तुत किया ।
बैठक में उपाध्यक्ष-डॉ. राकेश अग्रवाल सहित उद्योगपति सर्वश्री आदेश बंसल, अनिल माहेश्वरी, श्रीमती मीनाक्षी गर्ग, विनोद गर्ग, शैलेन्द्र गर्ग, दिनेश गुप्ता, विष्णु अग्रवाल, सुशील मित्तल, तरुण सिंघल, गोपाल गोयल, संजय धवन, सुरेश बतवानी, अनिल दुबे, शैलेन्द्र गोयल, रवि हरिलालका, राजेन्द्र तलूजा, आदित्य ओझा व उदय गुप्ता आदि उपस्थित थे ।अंत में आभार, कोषाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल द्वारा व्यक्त किया गया ।










0 Comments