बाबा की पेंशन से...
टीचर ने पूछा- फटी पैंट क्यों पहनी है,इस पर जब बच्चे ने अपनी मजबूरी बताई तो ....!!!
यह खबर उन लोगों खासकर उन बच्चों के लिए है जो हर वक़्त अपने परिजनों से खुद की गैर जरूरी फरमाइशें पूरी ना होने पर शिकवे-शिकतें करते रहते हैं। इस खबर ने लोगों को भावुक तो कर ही दिया है साथ ही एक संदेश भी दिया है. संदेश है संसाधन ना मिलें तब भी अपने लक्ष्य में मन लगाकर जुटे रहो, और दूसरा है यदि हम किसी जरूरतमंद की मदद करने में सक्षम हैं तो जरूर करना चाहिए। यह खबर भी यही संदेश दे गई। एक अनाथ बच्चे की दर्दभरी बात सुनकर टीचर ने जो किया उसने लाखों लोगों का दिल छू लिया।
राजस्थान के हिंडौन सिटी से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों को भावुक कर दिया. यह वीडियो बामनपुरा गांव के राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय का बताया जा रहा है. इसमें एक टीचर और छात्र के बीच हुई छोटी-सी बातचीत धीरे-धीरे एक ऐसी सच्चाई सामने लाती है जिसे सुनकर किसी का भी दिल पिघल सकता है. वीडियो में टीचर अपने छात्र राज जाटव से पूछते हैं कि वह सही पैंट पहनकर स्कूल क्यों नहीं आया.
जब बच्चे ने अपनी मजबूरी बताई तो क्या कहा?
टीचर के सवाल पर राज ने बेहद मासूमियत से जवाब दिया कि उसकी पैंट फट गई है. उसने आगे कहा कि वह नई पैंट तब खरीदेगा जब उसके बाबा की पेंशन आएगी. बच्चे की यह बात सुनकर टीचर कुछ पल के लिए चुप हो जाते हैं. इसके बाद जब टीचर ने उसके माता-पिता के बारे में पूछा तो राज ने बताया कि उसके माता और पिता दोनों अब इस दुनिया में नहीं हैं और वह अपनी दादी के साथ रहता है. यह सुनकर माहौल और भी भावुक हो जाता है.
टीचर ने की बच्चे की मदद
इस घटना के बाद कहानी एक बेहद भावुक मोड़ लेती है. जब टीचर को राज की कठिन परिस्थितियों का पता चला तो उन्होंने चुपचाप उसकी मदद करने का फैसला किया. अगले ही दिन टीचर उसके लिए नए कपड़े लेकर आए. वीडियो में राज को नई शर्ट और पैंट पहने देखा जा सकता है. इतना ही नहीं, टीचर ने उसे नई कॉपियां और रंग भी दिए ताकि वह पढ़ाई में आगे बढ़ सके.
वीडियो के अंत में एक ऐसा दृश्य दिखाई देता है जिसने लाखों लोगों को भावुक कर दिया. टीचर राज को प्यार से गले लगाते हैं और उसे हौसला देते हैं. इस पल को देखकर साफ महसूस होता है कि एक टीचर सिर्फ पढ़ाने वाला नहीं होता, बल्कि कई बार वह बच्चे के जीवन में माता-पिता जैसा सहारा भी बन जाता है. यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
सोशल मीडिया पर कैसी प्रतिक्रियाएं आईं?
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने टीचर की खूब सराहना की. कई लोगों ने कहा कि ऐसे टीचर समाज के लिए आशीर्वाद होते हैं. एक यूजर ने लिखा कि छोटी-छोटी मदद भी किसी बच्चे की जिंदगी बदल सकती है. वहीं कुछ लोगों ने बच्चे की पढ़ाई में मदद करने की इच्छा भी जताई. कई लोगों ने कहा कि जब किसी बच्चे को यह कहते सुनते हैं कि उसके माता-पिता नहीं हैं, तो दिल बहुत दुखी हो जाता है.
यह वीडियो इतना भावुक था कि उसने कई लोगों का ध्यान खींच लिया. राजस्थान बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा भी इस बच्चे से मिलने पहुंचे. उन्होंने राज से मुलाकात की और उसे स्कूल बैग, कपड़े और क्रिकेट बैट जैसे कई उपहार दिए. इस दौरान राज उनके साथ क्रिकेट खेलते हुए भी नजर आया.


0 Comments