तिड़वा भाइयों की लव स्टोरी पढ़कर रह जाएंगे दंग !
तीनों का जन्म एक ही दिन,बचपन से हर काम एक साथ किया,वैसे ही अब शादी भी एक ही दिन की !
चीन के तीन ट्रिपलेट भाइयों ने एक ही दिन शादी करके सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरी हैं. बचपन से हर चीज साथ करने वाले इन भाइयों ने अब शादी भी एक ही दिन करने का फैसला लिया, जिसकी कहानी इंटरनेट पर वायरल हो रही है.
चीन में तीन ट्रिपलेट भाइयों की शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. इन तीनों भाइयों ने एक ही दिन और एक ही समारोह में शादी की. यह अनोखी शादी चीन के हेनान प्रांत के शांगकिउ शहर में मार्च की शुरुआत में आयोजित की गई. रिपोर्ट्स के अनुसार, तीनों भाई साल 2000 के बाद पैदा हुए हैं, हालांकि उनकी सही उम्र सार्वजनिक नहीं की गई.
तीनों भाइयों में से एक भाई वान ने कहा कि वे बचपन से कभी अलग नहीं हुए. उन्होंने हमेशा हर काम साथ किया. वे एक जैसे कपड़े पहनते थे, एक ही बिस्तर पर सोते थे और एक ही स्कूल में पढ़ाई करते थे. इतना ही नहीं, बड़े होने के बाद अब वे एक ही कंपनी में काम भी कर रहे हैं.
तीनों भाइयों की लव स्टोरी कैसी है !
इन तीनों भाइयों की प्रेम कहानियां भी अलग-अलग लेकिन दिलचस्प हैं. वान की पत्नी दक्षिण-पश्चिम चीन के गुइझोउ प्रांत की रहने वाली है और दोनों चार साल से रिलेशनशिप में थे. वहीं बड़े भाई की पत्नी युन्नान प्रांत की रहने वाली है और उनका रिश्ता तीन साल से चल रहा था. सबसे छोटे भाई की पत्नी उसी शहर की रहने वाली है जहां ये तीनों भाई रहते हैं और दोनों दो साल से एक-दूसरे को जानते थे.
एक ही दिन शादी का फैसला क्यों लिया !
तीनों भाइयों ने बताया कि जब उन्हें लगा कि अब शादी करने का सही समय है, तो उनके माता-पिता ने एक खास सुझाव दिया. माता-पिता ने कहा कि जैसे तीनों का जन्म एक ही दिन हुआ था, वैसे ही शादी भी एक ही दिन होनी चाहिए. उनका मानना था कि इससे शादी का समारोह और भी ज्यादा खुशियों और रौनक से भर जाएगा. इस प्रस्ताव को तीनों दुल्हनों और उनके परिवारों ने भी खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया. वान ने बताया कि जब वह अपने भाइयों के साथ शादी के मंडप में था, तो उसे बिल्कुल भी घबराहट नहीं हुई. भाइयों के साथ होने की वजह से वह खुद को काफी सहज और खुश महसूस कर रहा था.
सोशल मीडिया पर क्यों हो रही है चर्चा !
चीन में जुड़वां या ट्रिपलेट भाई-बहनों की एक ही दिन शादी होना लोगों को काफी दिलचस्प लगता है. इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं. नवंबर में हेनान में दो जुड़वां बहनों ने दो जुड़वां भाइयों से एक ही दिन शादी की थी. वहीं 2019 में शानदोंग प्रांत में भी ट्रिपलेट भाइयों ने एक ही दिन शादी की थी. बताया जाता है कि प्राकृतिक रूप से ट्रिपलेट बच्चों का जन्म बहुत दुर्लभ होता है और इसकी संभावना लगभग एक लाख में एक होती है.










0 Comments