G News 24 : तीसरी बार T-20 में World चैंपियन बनी टीम इंडिया,हुई पैसों की बारिश, ICC ने दिए 120 करोड़ !

टीम इंडिया को विजेता के तौर पर 27.48 करोड़ एवं न्यूजीलैंड की टीम को 14 .65 करोड़ मिले ...

तीसरी बार T-20 में World चैंपियन बनी टीम इंडिया,हुई पैसों की बारिश, ICC ने दिए 120 करोड़ !

टी20 विश्व कप 2026 का शोर थम चुका है. 8 मार्च को खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से मात देकर खिताब जीता. टीम इंडिया लगातार दूसरी और इस टूर्नामेंट में तीसरी बार चैंपियन बनी है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस टूर्नामेंट के लिए कुल 13.5 मिलियन डॉलर यानी करीब 120 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड प्राइज पूल तय किया था, जो पिछले संस्करण से लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है. आइए जानते हैं किस टीम को कितना पैसा मिला है.

टी20 विश्व कप 2026 टीम इंडिया के नाम रहा. भारत ने अपने घर में खिताब जीतकर इतिहास रचा. सूर्या ब्रिगेड खिताब डिफेंड करने में सफल रही. 2007 से लेकर अब तक टीम इंडिया की यह तीसरी ट्रॉफी है. भारत टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाला देश बन गया है. 8 मार्च की शाम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से मात दी. भारत ने 20 ओवरों में 255 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसका पीछा करते हुए कीवी टीम 159 रनों पर सिमट गई. खिताब जीतने के बाद टीम इंडिया पर पैसों की बारिश हुई है, क्योंकि इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ओर से रिकॉर्डतोड़ प्राइज मनी मिली है.

टी20 विश्व कप 2026 के लिए ICC ने कुल 13.5 मिलियन डॉलर यानी लगभग 123.77 करोड़ रुपये का प्राइज पूल तय किया था. यह राशि 2024 के टी20 वर्ल्ड कप की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है. पिछली बार भी टीम इंडिया चैंपियन बनी थी तो उसे 2.45 मिलियन डॉलर और फाइनल में हारने वाली दक्षिण अफ्रीका को 1.28 मिलियन डॉलर मिले थे. इस बार टीम इंडिया को इससे ज्यादा पैसा मिला है.

खिताब जीतने वाली टीम इंडिया को विजेता के तौर पर 3 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 27.48 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी मिली है. फाइनल हारने वाली न्यूजीलैंड की टीम भी मालामाल हुई. न्यूजीलैंड को रनर-अप के तौर पर 1.6 मिलियन डॉलर (करीब 14.65 करोड़ रुपये) मिले हैं.

संजू सैमसन बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट...

पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. उन्होंने फाइनल में 46 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई.

सेमीफाइनल हारने वाली टीमों को कितना पैसा...

टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में हारने वाली टीमें साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड को 790,000 डॉलर (लगभग 7.24 करोड़ रुपये) दिए गए हैं.

सुपर 8 में जगह बनाने वाली टीमों को करीब 3.48 करोड़...

सुपर 8 स्टेज तक पहुंचकर सेमीफाइनल में जगह न बना पाने वाली हर एक टीम को 380,000 डॉलर (करीब 3.48 करोड़ रुपये) का इनाम मिला. इसमें जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं.

विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने वाली टीमों को लगभग 2.29 करोड़ रुपये...

ग्रुप स्टेज में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों को भी 250,000 डॉलर (लगभग 2.29 करोड़ रुपये) की गारंटीड प्राइज मनी मिली.

Reactions

Post a Comment

0 Comments