चुनाव आयोग बताएगा कब बजेगी वोट की घंटी...
बंगाल-असम समेत 5 राज्यों में चुनावी रण का ऐलान आज !
पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु समेत पांच राज्यों में चुनावी बिगुल बजने के लिए तैयार है. भारतीय निर्वाचन आयोग आज शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव के पूरे कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है. इस घोषणा के साथ ही तय हो जाएगा कि पश्चिम बंगाल में ममता का किला बचाने की जंग कब होगी.
देश के 5 राज्यों में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है और अब सबकी नजरें चुनाव आयोग पर हैं. चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, समेत 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का आधिकारिक ऐलान आज कर सकता है. शाम 4 बजे के आस पास प्रेस कॉन्फ्रेंस चुनाव आयोग कर सकता है, जिसमें चुनाव आयोग इन 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर सकता है.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की टीम ने सभी राज्यो में जाकर चुनाव की तैयारियों का जायजा ले लिया है. चुनाव आयोग की टीम सबसे पहले असम पहुंची थी और सबसे आखिरी में पश्चिम बंगाल. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा कार्यक्रम और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से चुनाव कराने की योजना में है. खासकर पश्चिम बंगाल जैसे राज्य में जहां बड़ी आबादी, संवेदनशील क्षेत्र और सुरक्षा कारणों को देखते हुए बहु-चरणीय मतदान की तैयारी की गई है.
5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं. जहां सत्तारूढ़ टीएमसी और DMK से बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है. वहीं केरल और असम में भी सत्ता को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जोरदार चुनावी जंग होने की उम्मीद है.
इन राज्यों में होना है विधानसभा चुनाव...
- पश्चिम बंगाल
- तमिलनाडु
- असम
- केरल
- पुदुच्चेरी
कब खत्म हो रहा है कार्यकाल...
चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल का 7 मई, तमिलनाडु का 10 मई, असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई, केरल का 23 मई और पुडुचेरी का 15 जून को खत्म हो रहा है. यानी 7 मई से पहले-पहले पांचों राज्यों में चुनाव खत्म हो सकते हैं.
पश्चिम बंगाल...
- सरकार: तृणमूल कांग्रेस (TMC)
- कुल सीटें: 294
- मुख्यमंत्री: ममता बनर्जी
तमिलनाडु...
- सरकार: DMK
- कुल सीटें: 242
- मुख्यमंत्री: एम.के. स्टालिन
असम...
- सरकार: भारतीय जनता पार्टी (NDA)
- कुल सीटें: 126
- मुख्यमंत्री: डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा
केरल...
- सरकार: वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF)
- कुल सीटें: 140
- मुख्यमंत्री: पिनराई विजयन
पुदुच्चेरी...
- सरकार: AINRC-BJP गठबंधन
- कुल सीटें: 30 निर्वाचित + 3 मनोनीत
- मुख्यमंत्री: एन. रंगास्वामी
असम में कांग्रेस की तैयारी तेज...
असम विधानसभा चुनाव में सत्ता वापसी की राह देख रही कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने 23 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी है. साथ ही 15 सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ दी हैं. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले कांग्रेस 42 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है, जिसे मिलाकर अब तक पार्टी की ओर से कुल 65 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतर चुके हैं.










0 Comments