G News 24 : बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए सात दिवसीय शैक्षणिक श्रृंखला का सफल आयोजन !

 प्रेस्टिज प्रबंधन एवं शोध संस्थान,ग्वालियर के रोटरैक्ट क्लब द्वारा...

बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए सात दिवसीय शैक्षणिक श्रृंखला का सफल आयोजन !

ग्वालियर। रोटरैक्ट क्लब ऑफ प्रेस्टिज, आरआईडी ३०५३ द्वारा संचालित सामाजिक पहल मुक़ेश जी विद्या केंद्र के अंतर्गत सात दिवसीय शैक्षणिक श्रृंखला का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों के ज्ञान, आत्मविश्वास एवं समग्र व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना था।

इस शैक्षणिक श्रृंखला के दौरान विद्यार्थियों को भारत एवं विश्व भूगोल (मानचित्र अध्ययन), ब्रह्मांड, समुद्री जीवन, विकास की प्रक्रिया, सपनों एवं आजीविका मार्गदर्शन, आत्मविश्वास निर्माण तथा परीक्षा की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर रोचक एवं संवादात्मक सत्र प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और अनेक नई जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम के सफल संचालन में क्लब की अध्यक्ष आरटीआर ईशिका शर्मा, उपाध्यक्ष आरटीआर सागर शर्मा, स्वयंसेवक आरटीआर निश्‍चय एवं स्वयंसेवक आरटीआर प्रिया का विशेष योगदान रहा। सभी सदस्यों ने बच्चों को प्रेरित करते हुए उन्हें सीखने के लिए सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण प्रदान किया।

इस अवसर पर प्रेस्टिज प्रबंधन एवं शोध संस्थान, ग्वालियर के निदेशक महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि, “इस प्रकार की शैक्षणिक पहलें बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होती हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, जागरूकता एवं सही दिशा का विकास करना भी है। रोटरैक्ट क्लब द्वारा किया गया यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। हमें विश्वास है कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएंगे।”

कार्यक्रम का समापन बच्चों को निरंतर अध्ययन करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा के साथ किया गया। रोटरैक्ट क्लब ऑफ प्रेस्टिज ने भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन निरंतर करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।

Reactions

Post a Comment

0 Comments