ओडिशा में खौफनाक वारदात...
प्रेमी के धोखे का शिकार हुई लड़की के साथ एक ही दिन में दो बार दुष्कर्म के बाद हत्या !
ओडिशा में एक युवती को प्रेमी ने शादी करने के बहाने मंदिर बुलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती को वह बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गया। मदद करने आए एक युवक ने भी उसके साथ बलात्कार किया और घर के छत से फेंक दिया। युवती की मौत हो गई।
ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय युवती के साथ एक ही दिन में दो अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म किया गया और बाद में उसे चार मंजिला इमारत से नीचे फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अपहरण, दुष्कर्म व हत्या सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना 22 फरवरी की है। 22 फरवरी की सुबह लगभग 10 बजे युवती अपने प्रेमी सोमनाथ ओझा के साथ घर से भागकर शादी करने की योजना बनाकर निकली थी। प्रेमी सोमनाथ ने उसे शादी का झांसा देकर जगतसिंहपुर के सरला मंदिर बुलाया था। युवती जब वहां पहुंची, तो शादी करने के बजाय आरोपी प्रेमी उसे एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे रहमा बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गया।
प्रेमी के बाद मददगार ने किया दुष्कर्म, कर दी हत्या
घटना के बाद युवती रहमा बस स्टैंड पर काफी देर तक अकेली और परेशान हालत में खड़ी रही। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक, जिसकी पहचान झारखंड के धनबाद के रहने वाले शुभम कुमार सिंह के रूप में हुई है,वहां पहुंचा। उसने युवती को अकेला देखकर मदद की पेशकश की। पुलिस के अनुसार, उसने भरोसा दिलाया कि वह उसे सुरक्षित जगह पहुंचा देगा। इसके बाद वह उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर पारादीप में स्थित अपने किराए के मकान पर ले गया। पुलिस अधीक्षक अंकित कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी युवक ने युवती को अपने किराए के मकान की छत पर ले जाकर उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया। इसके बाद, सबूत मिटाने और अपराध छिपाने की नीयत से उसने युवती को चार मंजिला इमारत की छत से नीचे धक्का दे दिया। गिरने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई। अगली सुबह उसका शव बरामद हुआ।
भाई ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 22 फरवरी की शाम जब युवती घर नहीं लौटी तो 23 तारीख को उसके भाई ने तिरतोल पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 23 फरवरी को युवती का शव मिलने के बाद एक अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद 25 फरवरी को भाई ने पारादीप मॉडल पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी, जिसमें उसने अपनी बहन के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी प्रेमी सोमनाथ ओझा पर बीएनएस की धारा 87,75(2),79,69,64(2)(m) लगाई गई है। वहीं आरोपी बाइक सवार शुभम कुमार सिंह, जिसने दुष्कर्म और हत्या भी की,उसपर बीएनएस की धारा 140(3),103(1),64(1), 64(2)(I),238 लगाई है। जांच के तहत आरोपियों की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित सभी सबूतों को जांच में शामिल किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में शामिल दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना इलाके में सनसनी का कारण बनी हुई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।










0 Comments