G News 24 : 3 लाशें, बंद कार और ‘बाबा’ पीरागढ़ी केस में दिल्ली पुलिस के हाथ लगा अहम सुराग !

पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर एक कार के अंदर 3 लोग मृत पाए जाने का मामला,CCTV से हुआ खुलासा...

3 लाशें, बंद कार और ‘बाबा’ पीरागढ़ी केस में दिल्ली पुलिस के हाथ लगा अहम सुराग !

दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में सामने आए 3 लोगों की कथित आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच एक अहम मोड़ पर पहुंच गई है. इस केस में दिल्ली पुलिस ने उस व्यक्ति की पहचान कर ली है, जो घटना के समय उस कार में मौजूद था, जिसमें 2 पुरुषों और एक महिला के शव मिले थे. पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति ‘बाबा’ के वेश में कार में बैठा नजर आ रहा है, जिसे जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है. बता दें कि यह घटना 8 फरवरी को पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास सामने आई, जहां बंद कार में तीनों मृत पाए गए.

सीसीटीवी फुटेज से सामने आई ‘बाबा’ की मौजूदगी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान यह पता लगा कि घटना से पहले एक व्यक्ति तीनों मृतकों के संपर्क में था और वह कार के अंदर भी बैठा था. यही व्यक्ति अब जांच के केंद्र में है, जिसे पुलिस ‘बाबा’ के रूप में पहचान रही है. पीटीआई के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस व्यक्ति की भूमिका क्या थी और घटना के दिन वह तीनों से क्यों और कैसे मिला. हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच जारी है.

PCR कॉल और घटनास्थल की स्थिति

दिल्ली पुलिस के मुताबिक रविवार अपराह्न करीब 3.50 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को एक कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक कार में तीन लोग बैठे हैं, दरवाजे बंद हैं और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां कार के अंदर दो पुरुष और एक महिला मृत अवस्था में पाए गए. जांच में सामने आया कि पुलिस को सूचना देने से करीब 50 मिनट पहले ही कार घटनास्थल पर खड़ी थी. शुरुआती जांच में किसी तरह के बाहरी संघर्ष के संकेत नहीं मिले, जिससे आत्महत्या की आशंका गहराई है.

मृतकों की पहचान और परिवार का दावा

पुलिस ने मृतकों की पहचान बापरोला निवासी रणधीर 76 वर्ष, शिव नरेश सिंह 47 वर्ष और जहांगीरपुरी निवासी लक्ष्मी देवी 40 वर्ष के रूप में की है, जो मूल रूप से बिहार की रहने वाली बताई जा रही हैं. शुरुआती संकेतों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि तीनों ने जहर मिला शीतल पेय पिया हो सकता है. वहीं मृतकों के परिजनों का कहना है कि घर से निकलते वक्त तीनों पूरी तरह सामान्य और खुश थे और किसी तरह के तनाव या परेशानी की बात सामने नहीं आई थी. परिवार इस घटना से सदमे में है और आत्महत्या की थ्योरी पर सवाल उठा रहा है.

Reactions

Post a Comment

0 Comments