G News 24 : जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद में हुआ धमाका, 31 की मौत, 169 घायल !

 धमाके के वक्त मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा कर रहे थे...

जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद में हुआ धमाका, 31 की मौत, 169 घायल !

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार 6 फरवरी को जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में बड़ा धमाका हुआ। इस हमले में अब तक 31 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 169 लोग घायल बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह विस्फोट शहर के शहजाद टाउन इलाके में स्थित तरलाई इमामबाड़े में हुआ। धमाके के वक्त मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा कर रहे थे। विस्फोट के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को लगातार नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब शौकत मिर्ज़ियोयेव दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर इस्लामाबाद में मौजूद हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और पूरे शहर में निगरानी बढ़ा दी गई है।

इस्लामाबाद अस्पतालों में इमरजेंसी लागू

इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी पुलिस के प्रवक्ता ताकी जवाद ने कहा कि धमाके को लेकर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। फॉरेंसिक टीमें यह जांच कर रही हैं कि यह आत्मघाती हमला था या पहले से प्लांट किया गया बम। हालांकि कुछ स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में इसे आत्मघाती हमला बताया जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए इस्लामाबाद के प्रमुख अस्पतालों में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। पॉलीक्लिनिक अस्पताल, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और CDA अस्पताल को अलर्ट पर रखा गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इमरजेंसी, बर्न यूनिट, न्यूरोलॉजी और ऑर्थोपेडिक विभाग पूरी तरह सक्रिय कर दिए गए हैं।फिलहाल इस धमाके की जिम्मेदारी किसी भी संगठन ने नहीं ली है। जांच एजेंसियां मौके से सबूत जुटाने में लगी हैं और विस्फोट के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments