G NEWS 24 : भाजपा की सरकार ने वादे तो बहुत किए, लेकिन अमल कुछ नहीं : जीतू पटवारी

कांग्रेस का हर सदस्य एक योद्धा है...

भाजपा की सरकार ने वादे तो बहुत किए, लेकिन अमल कुछ नहीं : जीतू पटवारी

ग्वालियर। हम यहां नव सृजन के संकल्प के साथ इकट्ठा हुए हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता के दर्द को समझता है। हमारी लड़ाई बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक न्याय के लिए है। भाजपा की सरकार ने वादे तो बहुत किए, लेकिन अमल कुछ नहीं। अब समय आ गया है कि हम संगठित होकर जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाएं। यह प्रशिक्षण शिविर हमें नई दिशा देगा, नई ऊर्जा देगा और हमें विजयी बनाने का रास्ता दिखाएगा। कांग्रेस का हर सदस्य एक योद्धा है, और हम मिलकर बदलाव लाएंगे। 

यह बात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को ग्वालियर-चंबल संभाग की एक दिवसीय कार्यशाला नव सृजन संकल्प प्रशिक्षण शिविर में कही। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर एवं सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण किया। शिविर में मप्र की सहप्रभारी संजना जाटव ने महिलाओं और युवाओं पर जोर देते हुए कहा भाजपा ने मप्र को महिला उत्पीड़न, अत्याचार में नंबर एक बना दिया है, प्रदेश में चारों तरफ जंगलराज चल रहा है। 

कार्यशाला में राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संघर्ष का इतिहास है। आज हम बाबा साहेब के संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। युवाओं को रोजगार, किसानों को समर्थन मूल्य और महिलाओं को सम्मान यही हमारा एजेंडा है। यह शिविर हमें एकजुट करता है, ताकि हम भाजपा की विभाजनकारी राजनीति का मुकाबला कर सकें। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी गांधी जी के अहिंसा और बोस जी के क्रांतिकारी उत्साह से प्रेरित है। कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करके हम संगठन को अजेय बनाएंगे। प्रदेश की जनता भाजपा के झूठे वादो से थक चुकी है। अब कांग्रेस का समय है। 

इस मौके पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग में कांग्रेस की जड़ें मजबूत हैं और यह कार्यशाला हमें और सशक्त बनाएगी। हम स्थानीय मुद्दों जैसे जल संकट, शिक्षा की कमी और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए लड़ रहे हैं। पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की आवाज मजबूत हो रही है। किसान और मजदूर हमारे साथ हैं। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के ग्वालियर आगमन पर स्टेशन पर शहर जिला कांग्रेसजनों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments