विभाग और उज्जैन जोन में बदलाव...
MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, उमेश जोगा बने परिवहन आयुक्त !
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने गुरुवार को भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के तबादले की बड़ी सूची जारी की है। इस फेरबदल में प्रदेश के कई महत्वपूर्ण पदों और जोन्स के प्रभारियों को बदला गया है। सबसे प्रमुख बदलाव राजधानी भोपाल और परिवहन विभाग में देखने को मिला है।
संजय कुमार होंगे भोपाल के नए पुलिस कमिश्नर
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बालाघाट जोन के पुलिस महानिरीक्षक श्री संजय कुमार (2004 बैच) को अब भोपाल का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे श्री हरिनारायण चारी मिश्र का स्थान लेंगे, जिन्हें अब पुलिस मुख्यालय भोपाल में पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
परिवहन विभाग और उज्जैन जोन में बदलाव
परिवहन विभाग में भी बड़ा बदलाव हुआ है। उमेश जोगा (1997 बैच) को उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पद से हटाकर अब नया परिवहन आयुक्त (ग्वालियर) बनाया गया है। वहीं, स्टडी लीव पर जा रहे श्री विवेक शर्मा को परिवहन आयुक्त के पद से मुक्त कर पुलिस मुख्यालय में एडीजी के पद पर पदस्थ किया गया है। उज्जैन जोन की कमान अब श्री एम.एस. गुप्ता को सौंपी गई है, जो खेल एवं युवा कल्याण विभाग से वापस लौटे हैं।
महत्वपूर्ण पदस्थापनाएं और अतिरिक्त प्रभार
अनंत कुमार सिंह (1994):को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापसी के बाद उन्हें म.प्र. पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का प्रबंध संचालक बनाया गया है।
के.पी. वेंकटेश्वर राव (1995): को एडीजी तकनीकी सेवाएं के साथ-साथ एंटी नक्सल ऑपरेशन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
अंशुमन यादव (1998): को खेल एवं युवा कल्याण विभाग का नया संचालक नियुक्त किया गया है।
चैत्रा एन. (2009): को पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया है, जबकि श्री संजय तिवारी को बालाघाट जोन का नया आईजी नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी ...
आदेश के अनुसार, जी. श्रीनिवास राव को नारकोटिक्स के साथ एसटीएफ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसी तरह अभय सिंह को पुलिस मुख्यालय में आईजी (योजना) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।










0 Comments