कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के मुख्य आतिथ्य में हुआ समारोह का आयोजन ...
ग्वालियर में नेवल यूनिट ने भव्यता के साथ देशभक्ति से मनाया नौसेना दिवस !
ग्वालियर। तृतीय एमपी नेवल यूनिट एनसीसी द्वारा गुरुवार 4 दिसंबर को ग्वालियर में भव्यता के साथ नौसेना दिवस मनाया गया। ब्रिगेडियर अनिल जेठालिया के मार्गदर्शन तथा कमांडर- एट- आर्म दीपक सिंह भदौरिया के निर्देशन में बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ कम्पू स्थित यूनिट परिसर में मनाया गया। यह समारोह कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। इसके अलावा एमएलबी कॉलेज के सामने स्थित फ्लैग पोस्ट पर भी नेवल यूनिट द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नेवल यूनिट में आयोजित हुए कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स द्वारा देशभक्ति नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, मार्शल आर्ट एवं कलारीपयट्टू का प्रदर्शन किया गया। इन कार्यक्रमों ने अनुशासन, साहस और राष्ट्रीय गौरव का उत्कृष्ट संदेश दिया। इस अवसर पर भारतीय नौसेना के भूतपूर्व सैनिको को उनके योगदान और सेवा कार्य के प्रति आभार प्रकट किया गया।
यूनिट परिसर में आयोजित समारोह के पश्चात इसी कार्यक्रम का आयोजन एमएलबी फ्लैग पोस्ट पर भी किया गया, जहाँ एनसीसी कैडेट्स ने मार्शल आर्ट, कलारीपयट्टू, साथ ही एसएएफ स्टाफ के सहयोग से एसएएफ बैंड डिस्प्ले प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त, शिप मॉडल प्रदर्शनी भी लगाई गई, जो भारतीय नौसेना की समुद्री विरासत को दर्शाती है।
नेवल यूनिट परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर श्री संघ प्रिय, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया, कृषि विश्वविद्यालय के डीन डॉक्टर सुरेंद्र सिंह तोमर उपस्थित रहे। साथ ही एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के समस्त अधिकारी एवं सभी यूनिटों के कमान अधिकारी, एडम अधिकारी, महाविद्यालयों व विद्यालयों के प्राचार्य, एनसीसी अधिकारी, पीआई स्टाफ, एनसीसी सिविल स्टाफ मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
यह सम्पूर्ण कार्यक्रम भारतीय नौसेना के गौरव और उसकी आदर्श परंपराओं के प्रति सम्मान तथा एनसीसी कैडेट्स की समर्पित भावना को दर्शाता है। भारतीय सेना में नेवी का बड़ी अहम भूमिका है। समुद्री सीमाओं की रक्षा और दुश्मनों को नाको चने चवबाने में नेवी ने खास भूमिका निभाई है। 1971 में भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन ट्राईडेन्ट के जरिए पाकिस्तानी नेवी के कराची मुख्यालय को निशाना बनाकर उसे नेस्तनाबूद कर दिया था यह हमला इतना जबरदस्त था कि वहां 7 दिनों तक आग जलती रही थी।
भारत के इस हमले से पाकिस्तान पस्त हो गया था। भारतीय नेवी के इसी पराक्रम को याद करने के लिए हर साल 4 दिसंबर को भारतीय नौसेना दिवस मनाया जाता है। दुनिया में चैथी सबसे मजबूत भारतीय नौसेना की ताकत दिनों दिन बढ़ती जा रही है। नौसेना के पास कुल जहाजों की संख्या 280 से ज्यादा है। सन् 1612 में भारतीय नौसेना की स्थापना हुई थी। आजादी के बाद 1950 में इसका फिर से गठन हुआ और इसे इंडियन नेवी का नाम दिया गया।










0 Comments