G NEWS 24 : भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष की प्रथम पुण्यतिथि पर अटल सभागार में होगा भव्य समारोह

अनूप जलोटा की भजन संध्या के साथ पुस्तक विमोचन एवं फिल्म प्रदर्शन, चित्र प्रदर्शनी भी...

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष की प्रथम पुण्यतिथि पर अटल सभागार में होगा भव्य समारोह

ग्वालियर। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, देश के वरिष्ठ पत्रकार व विचारक रहे स्व. प्रभात झा की प्रथम पुण्यतिथि पर ग्वालियर में शुक्रवार 25 जुलाई को शाम 5 बजे कार्यक्रम किया जा रहा है। इस समारोह में प्रदेश के शीर्ष वरिष्ठ नेता, मंत्रीगण सम्मिलित होकर प्रदेश के दिवंगत प्रेरणादायी आदर्श पुरुष एवं कलम के धनी अपने युग के महान पत्रकार को सादर नमन करेंगे। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल एवं निर्विघ्न बनाने के लिए दायित्व बांट दिए हैं। कार्यकर्ता उसी के अनुरूप आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने दी। 

इस कार्यक्रम में देश के प्रख्यात भजन गायक अनूप जलोटा श्रद्धा एवं भक्ति के भावों से सराबोर सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसमे अंचल सहित विभिन्न राजनैतिक पार्टियों एवं सामाजिक संगठनों के लोग अपने प्रिय रहे स्व. प्रभात झा को भावांजलि अर्पित करेंगे।  श्री राजौरिया ने ग्वालियर अंचल के लोगों से इस पुण्य स्मृति अवसर पर उपस्थित रहने का विनम्र आग्रह किया है। 

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए युवा भाजपा नेता तुष्मुल झा ने बताया कि अनूप जलोटा की भजन संध्या से पूर्व एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा जिसमें स्वर्गीय प्रभात जी द्वारा विभिन्न विषयों पर लिखे गए लेख एवं उनके द्वारा किए गए कार्यक्रमों के चित्रों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह प्रदर्शनी उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित होती। साथ ही एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी होगा। भजन संध्या के बाद "हमारे भारत रत्न" पुस्तक का विमोचन किया जाएगा, जिसकी संपादकीय स्व. प्रभात झा ने लिखी थी। यह संपादकीय उनकी अंतिम संपादकीय थी। 

इसके बाद उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं सामाजिक क्षेत्र के वरिष्ठ व्यक्तियों द्वारा अपने शब्दों द्वारा स्व. प्रभात जी को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। भाजपा नेताओं ने आज अटल सभागार, जीवाजी विवि पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी, रामेश्वर भदोरिया, महामंत्रीगण विनोद शर्मा, विनय जैन, राजू पलैया, संभागीय मीडिया प्रभारी राजलखन सिंह, वरिष्ठ नेता उदय अग्रवाल, अरूण कुलश्रेष्ठ, राजू सेंगर, शिवेंद्र सिंह राठौर, विवेक शर्मा, तोसिफ खान, दीपक शर्मा, शिव सिंह यादव समेत अनेक कार्यकर्ता उपपस्थित रहे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments