G.News 24 : ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन करने पहुंचे कलेक्टर

गौशाला व अमृत सरोवर सहित अन्य कार्यों व संस्थाओं का किया निरीक्षण…

ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन करने पहुंचे कलेक्टर

ग्वालियर। गत दिवस अंचल में हुई भारी ओलावृष्टि के कारण किसानों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए आज शनिवार को कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह तड़के ही ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे पर निकले और उन्होंने खेतों में जाकर किसानों की फसलों को देखा तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल बीमा करने वाली कंपनी को सूचित करें जिससे उनके प्रतिनिधि आकर फसल का आकलन कर सकें।

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि जहां जिन किसानों का भी नुकसान हुआ है उनका आकलन कर उन्हें नुकसान की भरपाई कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर  के साथ एसडीएम घाटीगांव अनिल बनबरिया, तहसीलदार श्रीमती योगिता बाजपेई, श्रीमती वंदना यादव सहित संबंधित क्षेत्रों के पटवारी एवं अन्य राजस्व अमला उपस्थित रहा।

कलेक्टर ने गौशाला व अमृत सरोवर सहित अन्य कार्यों व संस्थाओं का किया निरीक्षण

शुक्रवार को जिले की जनपद पंचायत घाटीगाँव के ग्राम बन्हेरी,बड़का गाँव, आरौन व बरई  सहित अन्य दूरस्थ गाँवों में पहुँचे। इस दौरान उन्होंने गौशाला, अमृत सरोवर, व छात्रावास सहित अन्य संस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही पटवारी के बस्ते की जाँच कर राजस्व अभिलेख देखे। इसके अलावा मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को लाभान्वित कराने के उद्देश्य से किए जा रहे ई-केवायसी कार्य का भी जायजा लिया। भ्रमण के दौरान  कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम पंचायत बन्हेरी की गौशाला में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा। 

इसके बाद बड़का गांव में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने अमृत सरोवर की बेस्टवेयर ठीक न मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने जल्द से जल्द बेस्टवेयर में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाडली बहना योजना के लिए ग्राम पंचायत में की जा रही है ई-केवायसी  का भी अवलोकन किया। इसी क्रम में ग्राम आरौन में पटवारी द्वारा संधारित किए जा रहे राजस्व रिकॉर्ड का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने ग्रामपंचायत बरई में बालक छात्रावास का  निरीक्षण किया और  बच्चों से रूबरू होकर छात्रावास में मिल रहीं सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

Comments