अंत्येष्टि से पहले महारानी को भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी श्रद्धांजलि

 महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की राजकीय…

अंत्येष्टि से पहले महारानी को भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी श्रद्धांजलि


लंदन । ब्रिटेन के शाही परिवार की क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद लंदन के वेस्टमिंस्टर हॉल में दिवंगत महारानी को भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति भवन ने द्रौपदी मुर्मू की एक वीडियो क्लिप के साथ ट्वीट किया, ‘राष्ट्रपति ने दिवंगत महारानी को अपनी ओर से और भारत के लोगों की ओर से श्रद्धांजलि दी।Ó यह हॉल संसद भवन परिसर के अंदर स्थित है। राष्ट्रपति मुर्मू सोमवार को वेस्टमिंस्टर एबे में एलिजाबेथ द्वितीय की राजकीय अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए लंदन में हैं।

उन्होंने यहां रविवार को भारत सरकार की ओर से एक शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए। लंदन के लैंकेस्टर हाउस में राष्ट्रपति मुर्मू के साथ कार्यवाहक उच्चायुक्त सुजीत घोष भी मौजूद थे। यहां पहुंच रहे विश्व के नेता महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए एक पुस्तिका पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। एलिजाबेथ द्वितीय का 96 वर्ष की आयु में आठ सितंबर को स्कॉटलैंड में निधन हो गया था। मुर्मू ने रविवार को वेस्टमिंस्टर हॉल में दिवंगत महारानी को श्रद्धांजलि दी, जहां एलिजाबेथ द्वितीय का पार्थिव शरीर रखा गया है।

महारानी की सोमवार को राजकीय अंत्येष्टि की जाएगी। भारतीय राष्ट्राध्यक्ष शनिवार शाम लंदन पहुंचीं। महारानी की अंत्येष्टि में दुनियाभर के शाही परिवार के सदस्यों समेत विश्व के करीब 500 नेता शामिल होंगे। अंतिम संस्कार की रस्म वेस्टमिंस्टर एबे में की जाएगी, जहां करीब 2,000 लोगों के उपस्थित रहने की संभावना है। शोक कार्यक्रम स्थानीय समयानुसार सुबह पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगा और एक घंटे बाद दो मिनट का मौन रखे जाने के साथ संपन्न हो जाएगा।

Comments