आंध्र प्रदेश की एक केमिकल फैक्टरी में लगी भीषण आग से 6 मज़दूर ज़िंदा जले

गैस लीक होने से धमाके के साथ रिएक्टर फटा…

आंध्र प्रदेश की एक केमिकल फैक्टरी में लगी भीषण आग से 6 मज़दूर ज़िंदा जले 

आंध्र प्रदेश के एलुरू जिले में एक केमिकल फैक्टरी में भीषण आग की वजह से छह लोगों की मौत हो गई जबकि 13 लोग इस घटना में घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने इस घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि मसुनुरू मंडल के अक्किरेड्डी गुडेम में पोरस केमिकल फैक्टरी में गैस लीक होने से धमाके के साथ रिएक्टर फटने से भीषण आग लग गई। 

इस दौरान फेक्ट्री में काम कर रहे 6 लोगों की मौत हो गई, फैक्ट्री में आग में झुलस कर 5 लोगों की मौत और अस्पताल ले जाते समय 1 व्यक्ति की मौत हो गई है और 11 लोग घायल हुए हैं। जिसमें से कई लोगों की हालत गंभीर है। करीब 11 घायलों को विजयवाड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें से 6 लोग बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मृतक सभी कर्मचारी बिहार के रहने वाले थे। दुर्घटना के दौरान फैक्ट्री में करीब 17 कर्मचारी मौजूद थे। इधर, इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और गंभीर रुप से घायलों को 5 लाख रुपये देने का एलान किया है। 

इसके साथ ही, मामूली रूप से घायलों को 2 लाख देने की घोषणा की गई। इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जगन रेड्डी ने कहा कि अधिकारियों से घायलों के स्वास्थ्य की निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी और जिला कलेक्टर से कहा गया है कि वे इस घटना के कारणों को विस्तृत जांच करें। इस घटना पर राज्य के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने भी दुख जताया है। इसके साथ ही, घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति सांत्वना जाहिर की है।

Comments