5 लाख दीयों से जगमगाएगी रामराजा सरकार की नगरी ओरछा

बुंदेलखंड की अयोध्या में रामनवमी…

5 लाख दीयों से जगमगाएगी रामराजा सरकार की नगरी ओरछा

मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी और बुंदेलखंड की अयोध्या के नाम से प्रसिद्ध ओरछा में रामनवमी पर दीपोत्सव मनेगा। यहां भगवान श्रीराम के जन्म महोत्सव को लेकर रविवार को शाम 7.30 बजे 5 लाख दीपक जलाए जाएंगे। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव भी शामिल होंगे। भगवान के जन्म महोत्सव को लेकर नगर व मंदिर को आकर्षक रंगीन रोशनी से सजाया गया है। सैकड़ों श्रद्धालु एक दिन पहले ही ओरछा पहुंच गए। रविवार सुबह 7 बजे कुश नगर प्रथम दरवाजे से रामराजा सरकार की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें रामराजा सरकार महारानी कुंअरि गणेश की गोद में विराजमान होकर निकलेंगे। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और माता सीता की सजीव झांकी भी रहेगी। 

ढोल-ताशे, नगाड़ों के साथ शोभायात्रा दोपहर 12 बजे रामराजा मंदिर पहुंचेगी। यहां पर हजारों श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन करेंगे। दोपहर 12.30 बजे की महाआरती के बाद भगवान श्रीराम का जन्म होगा। इसके बाद पवन तिवारी और बृजेश त्रिपाठी बधाई गीत गाएंगे। प्रसाद वितरण के साथ-साथ सभी को बधाई दी जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शाम 5 बजे ओरछा पहुंचेंगे। वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। ओरछा की महारानी कुंअरि गणेश 9 माह पैदल चलकर रामराजा सरकार को अयोध्या से ओरछा लाई थी। इसीलिए ओरछा नगर में रामनवमीं पर निकलने वाली भगवान की शोभायात्रा की अगवानी के लिए 9 प्रवेश द्वारों पर पुष्प वर्षा की जाती है। शोभायात्रा में पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के साथ ही मप्र व उत्तरप्रदेश के कई जिलों के श्रद्धालु भी आएंगे।

यह कार्यक्रम होंगे -

  • सुबह 8.30 बजे कुश नगर प्रथम दरवाजे से रामराजा सरकार की शोभायात्रा।
  • दोपहर 12 बजे शोभायात्रा रामराजा मंदिर पहुंचेगी।
  • दोपहर साढ़े 12 बजे महाआरती के बाद राम जन्म होगा।
  • शाम 7:30 बजे श्रीरामराजा मंदिर में 5 लाख दीप जलाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम -

  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करीब 4 घंटे ओरछा में बिताएंगे।
  • शाम 5:00 बजे ओरछा आगमन।
  • शाम 5:15 में बेतवा रिट्रीट होटल में श्रीराम राजा मंदिर विकास प्लान को देखेंगे।
  • शाम 5:35 पर मेला ग्राउंड में आयोजित ओरछा गौरव दिवस एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे।
  • शाम 6:45 बजे कंचन घाट पर रामलीला के समापन एवं राज्याभिषेक झांकी की आरती में शामिल होंगे ।
  • वनवासी लीला की 18 मंडलियों के लगभग 400 कलाकारों को 89 जनजाति विकासखंडों के लिए रवाना करेंगे।
  • सीएम शाम 7:30 बजे श्रीरामराजा मंदिर पहुंचेंगे। रामराजा के दर्शन कर दीप प्रज्ज्वलन करेंगे।
  • रात 8:20 पर मेला ग्राउंड पहुंचकर द्वीप प्रज्ज्वलन में शामिल वॉलिंटियर्स को संबोधित करेंगे
  • रात 9:00 बजे झांसी रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होंगे, वहां से भोपाल जाएंगे।

Comments