गुंडे-बदमाशों के मकानों को खोदकर मैदान बना दूँगा : CM शिवराज

मुख्यमंत्री की गुंडे-बदमाशों को चेतावनी…

गुंडे-बदमाशों के मकानों को खोदकर मैदान बना दूँगा : CM शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गुंडे और बदमाशों के मकानों को खोदकर मैदान बना दूंगा। मामा का बुलडोजर चल पड़ा है और अब रुकेगा नहीं, गुंडे-बदमाशों को ठिकाने लगाकर ही दम लेगा। उन्होंने गुंडे-बदमाशों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि गरीबों और कमजोरों को सताना बन्द कर दे या मध्यप्रदेश छोड़ दे। मुख्यमंत्री श्री चौहान रायसेन जिले की तहसील  सिलवानी के खमरिया गाँव में गत दिवस हुए विवाद में मृत राजू धुर्वे के परिवार जनों से चन्द्रपुरा में भेंट कर संवेदना व्यक्त करने के बाद ग्रामीणों को सम्बोधित कर रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी और क्षेत्रीय विधायक रामपाल सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीबों और जनजातीय लोगों के विरुद्ध होने वाले हर अत्याचार को सख्ती से रोका जाएगा और अत्याचारियों  पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। 

उन्होंने उल्लेख किया कि एक जमाने में उन्होंने कहा था कि प्रदेश में डकैतों का सफाया करूंगा और आज प्रदेश में एक भी डाकू नहीं है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उनका बुलडोजर पूरे प्रदेश में चल रहा है। चाहे सिवनी हो, श्योपुर, शहडोल या जावरा, सब जगह गुंडे-बदमाशों के मकानों को मैदान बना दिया है। उन्होंने जनजातीय वर्ग को आश्वस्त किया कि पूरी सरकार और मुख्यमंत्री उनके साथ है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सर्चिंग कर सभी तरह के अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाएँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्पष्ट किया कि घटना से प्रभावित हुए लोगों को सहायता राशि भोपाल से भी दी जा सकती थी, लेकिन चन्द्रपुरा सिर्फ इसलिए आया हूँ कि गुंडे-बदमाशों को यह चेतावनी मिल जाये कि उन्हें सरकार छोड़ेगी नहीं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि रोटी-कपड़ा मकान का हक सबको है। 

पूरे इलाके का सर्वे कराकर गरीबों को पक्के मकान दिए जाएंगे। राशन उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री भू-आवासीय योजना का लाभ भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जन-कल्याण शिविरों के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक गरीब को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करें। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए कि क्षेत्र में स्व-सहायता समूह बनाए जाएं। नए काम-धंधे उपलब्ध कराए जाएं। बच्चों को पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति मिलना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीबों का जीवन बदलना है। अधिक आमदनी वाली फसलें लगाये। जल जीवन मिशन से हर घर में पानी उपलब्ध करवाया जाये। साथ ही पानी के स्त्रोत विकसित करें और पानी का संरक्षण भी करें। उन्होंने कहा कि पीने के पानी के साथ सिंचाई का भी इंतजाम करना जरूरी है। इसके लिए नवीन जल-संरचनाएँ बनाएँ। नदी-नालों पर स्टॉप डेम बनाएं। 

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के रहते कोई अपने आपको असहाय महसूस न करें। यह गरीबों की सरकार है और हरदम उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने  गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपये की सहायता राशि और सामान्य घायलों को 50- 50 हजार रूपये की सहायता राशि दी। उन्होंने कहा कि सभी घायलों के निःशुल्क इलाज की व्यवस्था की गई है। इससे पहले विधायक रामपाल सिंह ने सम्बोधित कर सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और मुख्यमंत्री की सह्रदयता की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्रामीणों से संवाद के बाद लाड़ली लक्ष्मी योजना, आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों को ऋण, प्रधानमंत्री आवास योजना प्लस, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना और पेंशन योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र वितरित किये।

Reactions

Post a Comment

0 Comments