अब दूसरे डोज के लिए महाअभियान 23 को

एक लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का टारगेट…

अब दूसरे डोज के लिए महाअभियान 23 को

कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए शुरू किए गए टीकाकरण अभियान में वैक्सीन का दूसरे डोज लगवाने पर खासा ध्यान दिया जा रहा है। सोमवार को कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने इस संबंध में प्रशासनिक व स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक ली, जिसमें ये निर्णय लिया गया कि 23 अक्टूबर को वैक्सीन का दूसरा डोज लगाने के लिए महाअभियान आयोजित किया जाएगा। 

जिला स्तर पर आयोजित होने वाले इस महाअभियान में स्वास्थ्य विभाग ने एक लाख लोगों को वैक्सीन का दूसरा डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया है।जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. अशोक खरे ने बताया कि ग्वालियर जिले के सभी एसडीएम को टीकाकरण केंद्रवार सूची दे दी गई है। इस सूची में उन तमाम लोगों के नाम और मोबाइल नंबर हैं, जिन्हें दूसरा डोज लगना है। स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण केंद्रों पर पदस्थ स्टाफ को भी ये सूची प्रदान की है। स्टाफ भी अपने केंद्रों पर वैक्सीन की पहली डोज लगवा चुके लोगों को दूसरा डोज लगवाने के लिए फोन कर सूचित कर रहे हैं। 

यहां बता दें कि ग्वालियर में लगभग 2.21 लाख लोगों को दूसरा डोज लगना है। निर्धारित समयावधि बीतने के बाद भी ये लोग वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने नहीं आ रहे। जिले में मंगलवार को 3,858 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसमें 545 ने पहला और 3,313 ने दूसरा डोज लगवाया। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि बुधवार को 131 केंद्रों में 32,380 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

Comments