संगीत सम्राट Tansen की जन्मस्थली मार्ग पर राज्य मंत्री ने किया भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण

हैरीटेज थीम पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत…

संगीत सम्राट की जन्मस्थली मार्ग पर राज्य मंत्री ने किया भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण  

ग्वालियर। संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट जाने वाले मार्ग पर हैरीटेज थीम पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत भव्य प्रवेश द्वार बनाया गया है। प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने बुधवार को इस प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा खुशी की बात है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर की तर्ज पर ग्वालियर शहर से जुड़े ग्रामों को भी स्मार्ट बनाया जा रहा है। 

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री कुशवाह ने कहा कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को इस प्रवेश द्वार के निर्माण से संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट पहुँचने में आसानी रहेगी। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत ग्वालियर-बेहट सड़क मार्ग पर मोहनपुर ग्राम से आगे फ्लाईओवर के समीप इस भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण लगभग साढ़े 22 लाख रूपए की लागत से किया गया है। 

लगभग 9 मीटर ऊँचाई एवं 15 मीटर चौड़ाई में हैरीटेज थीम पर नैनोकोटिंग के साथ यह आकर्षक प्रवेश द्वार बनाया गया है। स्मार्ट सिटी द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये मूर्तरूप दिए जा रहे विकास कार्यों की कड़ी में तानसेन की जन्मस्थली मार्ग पर प्रवेश द्वार का निर्माण कराया गया है। प्रवेश द्वार के लोकार्पण अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण, स्मार्ट सिटी की सीईओ जयति सिंह एवं एसडीएम पुष्पा पुषाम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Comments