Rabi की फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में हुई बढ़ोतरी

किसानों को केन्द्र की सौगात…

रबी की फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में हुई बढ़ोतरी

दिल्ली। कृषि कानून को लेकर एक ओर जहां किसानों का आंदोलन लगातार जारी है वहीं केन्द्र की मोदी सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने वर्ष 2022-23 के सीजन के लिए रबी की फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की है। गेहूं के लिए सरकार ने 40 रूपए प्रति क्विंटल बढ़ाएं हैं, इस वृद्धि के बाद गेहूं का समर्थन मूल्य 2015 रूपए प्रति क्विंटल हो गया है। 

मोदी कैबिनेट की बुधवार को हुई बैठक में इसके साथ ही जौकी एमएसपी में 35 रूपए की वृद्धि की गई है। वर्ष 2021-22 में गेहूं की एमएसपी 1975 रूपए थी, जबकि जौ कि एमएसपी 1600 रूपए थी जो अब 1635 रूपए हो गई है। इसके अलावा चने के समर्थन मूल्य में 130 रूपए की बढ़ोतरी की गई है इस बढ़ोतरी के बाद चने का मूल्य 2022-23 के लिए 5230 रूपए हो गया है। वहीं मसूर पर चार सौ रूपए की वृद्धि होने से मसूर का समर्थन मूल्य 5100 रूपए से बढ़कर 5500 रूपए हो गया है। 

इसी प्रकार सरसों पर भी चार सौ रूपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। यह निर्णय किसानों की आय को बढ़ाने के लिए किए जा रहे हैं। केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल एवं अनुराग ठाकुर ने कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि टेक्सटाइल इंडस्ट्री के लिए पीएलआई स्कीम को मंजूर किया गया है। इस योजना के तहत पांच साल तक 10 अलग-अलग उत्पादों के लिए अगले पांच साल में 10683 करोड़ रूपए का पैकेज दिया जाएगा।

Comments