टीकाकरण के मामले में भारत ने सभी को पछाड़ा

ऑफ द रिकॉर्ड भारत ने अपनी ताकत दिखाई...

टीकाकरण के मामले में भारत ने सभी को पछाड़ा

कोरोना वायरस के खिलाफ जंग भारत ने अपनी ताकत दिखाई है और आज वह इस मामले में सबसे आगे दिखाई दे रहा है। इस मामले में अमेरिका और ब्रिटेन जैसे कई विकसित देश भी पिछड़ते दिखाई दे रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की जानकारी के अनुसार अब तक भारत में कुल 16 लाख लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। देश में सिर्फ छह दिनों के भीतर 10 लाख लोगों को कोविड-19 के टीके लगे हैं। 

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 10 लाख का आंकड़ा पार करने में ब्रिटेन को 18 दिन और अमेरिका को 10 दिन का समय लगा था। मंत्रालय ने बताया कि 24 जनवरी सुबह आठ बजे तक करीब 16 लाख लाभार्थियों को टीके लगे हैं। पिछले 24 घंटे में देश भर में 3,512 सत्रों में करीब दो लाख लोगों को टीके लगे। वहीं अब तक टीकाकरण के लिए 27,920 सत्रों का आयोजन किया जा चुका है। 

मंत्रालय ने बताया कि देश में ‘जांच-संपर्क का पता-इलाज की रणनीति सफल रही है और देश में नए मामलों में लगातार कमी आने के साथ ही संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या भी उल्लेखनीय रूप से कम हुई है। देश में अभी 1,84,408 मरीजों का उपचार चल रहा है जो कि कुल मामलों का 1.73 फीसदी है। पिछले 24 घंटे में 15,948 मरीज संक्रमण मुक्त हुए जिसके बाद इलाज कर रहे मरीजों की संख्या में इस अवधि में सीधे तौर पर 1254 मरीजों की कमी हुई।

Comments