G News 24 : आज 1 जुलाई से 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत हुई कम,जानिए और क्या-क्या बदला !

 इन बदलावों का असर आम लोगों पर होगा असर ...

आज 1 जुलाई से 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत हुई कम,जानिए और  क्या-क्या बदला !

आज, 1 जुलाई से देशभर में कई बड़े नियम बदल गए हैं. इनका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी, खर्च और जरूरी सेवाओं पर पड़ने वाला है. LPG गैस सिलेंडर की नई कीमतों से लेकर आधार से जुड़े नियम और रेलवे के नए बदलाव आज से लागू हो गए हैं. ऐसे में हर किसी के लिए यह जानना जरूरी है कि कौन-सा नया नियम उसकी जेब पर असर डालेगा और किन कामों के लिए अब नए नियमों का पालन करना होगा. किस नियम से राहत मिलेगी, किस बदलाव से खर्च बढ़ सकता है और किन सेवाओं में नए बदलाव देखने को मिलेंगे, आइए जानते हैं- 

 शुरू हुई ईपीएफओ की ऑनलाइन सेवा

EPFO ने सिस्टम अपग्रेड का काम पूरा करने के बाद 1 जुलाई से अपनी ऑनलाइन सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं. 26 जून से EPFO का मेंबर पोर्टल, एम्प्लॉयर पोर्टल और कई ऑनलाइन सेवाएं बंद थीं. अब, ये सेवाएं फिर से शुरू कर दी गई हैं. EPFO ने बताया कि यह अपग्रेड सेवाओं को तेज, सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए किया गया था. सभी ऑनलाइन सेवाएं 1 जुलाई से फिर से शुरू हो गई हैं.

आज से 6 नए शहरों के लिए शुरू हुई सीधी फ्लाइट

1 जुलाई से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 6 नए शहरों के लिए सीधी फ्लाइट शुरू हो रही है. अब तक नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ, नवी मुंबई, जम्मू, अमृतसर, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए नियमित फ्लाइट चल रही थीं. 1 जुलाई से भोपाल, देहरादून, धर्मशाला, जोधपुर, बरेली और पंतनगर के लिए सीधी उड़ान शुरू हो रही है.

1 जुलाई से देशभर में VB G-RAM-G योजना लागू

आज से देशभर में VB G-RAM-G यानी 'विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन गारंटी (ग्रामीण) अधिनियम, 2025' लागू हो गया है. अभी तक मनरेगा के तहत ग्रामीण परिवारों को साल में 100 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलती है. लेकिन 1 जुलाई 2026 से यह सीमा बढ़ाकर 125 दिन कर दी जाएगी. 

1 जुलाई से ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग पर रोक

1 जुलाई से ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग बंद हो जाएगी.  मानसून में गंगा में पानी का स्तर काफी ज्यादा बढ़ जाता है. इससे राफ्टिंग करने में काफी खतरा होता है. लिहाजा 1 जुलाई से गंगा में रीवर राफ्टिंग बंद हो जाएगी. इसे फिर सितंबर से शुरू किया जाएगा. 

दिल्ली में 1 जुलाई से लागू हो रही नई EV पॉलिसी

दिल्ली में आज से नई ईवी पॉलिसी लागू होने जा रही है. इसके तहत EV गाड़ी खरदीने वाले लोगों को भारी छूट और सब्सिडी दी जाएगी. यह नीति 31 मार्च 2030 तक प्रभावी रहेगी. सरकार इस नीति पर अगले चार सालों में 7,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी, जबकि अलग-अलग सुविधाओं और छूट को मिलाकर जनता को करीब 15,000 करोड़ रुपये का कुल लाभ मिलेगा. 

रेलवे के नियम हुए सख्त

रेलवे से जुड़े नियमों में भी आज से बड़े बदलाव हो सकते हैं. इसके तहत बिना टिकट यात्रा करने पर जुर्माना बढ़ाया जा सकता है. इसके अलावा ट्रेन में प्रतिबंधित सामान ले जाने पर जुर्माना बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दिया है. 

1 जुलाई से शुरू हुआ फसल बीमा माह

1 जुलाई से 'फसल बीमा माह' अभियान की शुरुआत भी हो गई है. ये अभियान देशभर में 31 जुलाई तक चलेगा. अभियान का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) से जोड़ना है, ताकि प्राकृतिक आपदाओं, अनियमित वर्षा, ओलावृष्टि एवं अन्य जोखिमों से होने वाले नुकसान की भरपाई की जा सके.

 पासपोर्ट बनवाना पड़ेगा महंगा

1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाने की फीस बढ़ गई है. अब 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट को बनवाने के लिए 2,500 रुपये का चार्ज लगेगा. पहले ये फीस 1,500 रुपये थी. वहीं, तत्काल पासपोर्ट बनवाने की फीस भी 3,500 रुपये से बढ़कर 5,000 रुपये हो जाएगी.

 बंद हुआ mAadhaar App

1 जुलाई से आधार से जुड़े सभी काम नए Aadhaar App के जरिए किए जाएंगे. 30 जून को mAadhaar App रिटायर हो चुका है. यानी अब इसमें नए अपडेट नहीं आएंगे और धीरे-धीरे इसकी सभी सेवाएं भी बंद कर दी जाएंगी. UIDAI ने लोगों को नया Aadhaar App डाउनलोड करने और उसी का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. 

फ्री में होगी आधार में ईमेल आईडी अपडेट

आज यानी 1 जुलाई से आधार में ईमेल आईडी अपडेट करने की सुविधा पूरी तरह फ्री हो जाएगी. UIDAI ने पहले ही इसे लेकर जानकारी दी थी. अभी तक इस सेवा के लिए 75 रुपये शुल्क देना पड़ता था. हालांकि,  1 जुलाई 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक आधार में ईमेल अपडेट कराने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा. हालांकि, यह छूट केवल आधार मोबाइल ऐप के जरिए किए गए ईमेल अपडेट पर लागू होगी. अन्य माध्यमों से अपडेट कराने पर संबंधित शुल्क लागू हो सकता है.

LPG सिलेंडर के दाम घटे

महीने की शुरुआत लोगों के लिए राहत लेकर आई है.इस साल में पहली बार कमर्शियल सिलेंडर के दाम कम हुए हैं. इंडियन ऑयल के अनुसार, 1 जुलाई को दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,113.50 रुपये से घटकर 2,930 रुपये हो गई है. यानी 19 किलो वाला सिलेंडर 183.50 रुपये सस्ता हो गया है. हालांकि, घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है. राजधानी में ये 942 रुपये का मिलेगा. 

Reactions

Post a Comment

0 Comments