कलेक्टर ने खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण

व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के दिए निर्देश…

कलेक्टर ने खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण

ग्वालियर। समर्थन मूल्य पर धान, बाजरा व ज्वार के खरीदी का कार्य किया जा रहा है। सभी खरीदी केन्द्रों पर शासन के निर्देशानुसार किसानो के हित में जो निर्देश दिए गए हैं उसका प्रबंधन किया जाए। अंतिम तिथि तक जो भी किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने आए उसे अवश्य क्रय किया जाए। अंतिम दिन समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिये किसानों को टोकन वितरण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को भवानी वेयर हाउस एवं प्रेस्टीज वेयर हाउस पर बनाए गए खरीदी केन्द्र का अवलोकन किया। उनके साथ अपर कलेक्टर आशीष तिवारी, तहसीलदार महेश कुशवाह, खाद्य अधिकारी जादौन एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने खरीदी केन्द्र पर समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया है कि जो भी किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य पर विक्रय हेतु लाते हैं उसको क्रय करने की व्यवस्था की जाए। खरीदी केन्द्र पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो यह सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही जहां आवश्यक हो वहाँ किसानों की उपज धर्मकांटे पर भी तुलवाने की व्यवस्था की जाए ताकि किसान को अधिक समय न लगे।

कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि खरीदी केन्द्र पर किसानों के लिये पेयजल एवं बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ गुड-चने की भी व्यवस्था की जाए। उन्होंने खरीदी केन्द्र पर उपस्थित किसान भाईयों से चर्चा की तथा खरीदी केन्द्र पर की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।

Comments