ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने किसानों को किया सम्मानित

जिले के 7258 किसानों के खाते में पहुँची फसल बीमा की राशि…

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने किसानों को किया सम्मानित 

ग्वालियर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्रदेश के 22 लाख किसानों को 4 हजार 688 करोड़ रूपए का भुगतान एक क्लिक से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम उज्जैन में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम से प्रदेश के किसानों से सीधा संवाद भी किया। प्रदेश के प्रत्येक जिले में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में ग्वालियर में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। ग्वालियर जिले में 7 हजार 258 किसानों के खाते में एक करोड़ 26 लाख रूपए की बीमा राशि प्रदान की गई है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कार्यक्रम में किसानों को पुष्प-गुच्छ देकर सम्मानित किया और प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी दी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने किसानों से कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 22 लाख किसानों के खाते में फसल बीमा की राशि जमा की है। 

किसानों के हित में प्रदेश सरकार द्वारा कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, सीईओ जिला पंचायत शिवम वर्मा, उप संचालक कृषि आनंद बड़ोनिया सहित जिले के वे किसान जिन्हें फसल बीमा का लाभ दिया जा रहा है, शामिल थे। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने किसानों से कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बीमा की राशि किसानों के खाते में भेज दी गई है। उप संचालक कृषि कार्यालय में एक हैल्पलाइन डेस्क भी स्थापित की जा रही है। 

जिन किसानों के खाते में फसल बीमा की राशि प्राप्त नहीं हुई है वे हैल्पडेस्क पर संपर्क कर सकते हैं। ऐसे किसान जिनकी फसल बीमा की राशि मंजूर हुई है उन सभी के खाते में राशि प्रदान कर दी गई है। ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम में जो किसान शामिल हुए उनमें सर्वश्री रामनाथ कुशवाह, दिनेश दीक्षित, रूस्तम सिंह, पंजाब सिंह, गब्बर सिंह, मोनू कुशवाह, सोनू कुशवाह, नाथू सिंह, बैजनाथ सिंह, वीरेन्द्र सिंह, अमर सिंह, मिथलेश एवं लोकेन्द्र सिंह शामिल थे।  

Comments