551 दीपकों से जगमगा उठा मानस भवन

श्री रामजन्म भूमि शिलान्यास की पूर्व संध्या पर…
551 दीपकों से जगमगा उठा मानस भवन

अयोध्या में श्री रामजन्म भूमि शिलान्यास की पूर्व संध्या पर शहर में उत्सव की शुरूआत हो गई। कई स्थानों पर सुंदरकांड और रामधुन शुरू हुई। बुधवार को शहर में आकर्षक रोशनी होगी और घर-घर दीपक जलाए जाएंगे। मानस भवन में मंगलवार को सुंदरकांड पाठ के बाद 551 दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सुंदरकांड का पाठ किया गया। 

राम मंदिर की अनुकृति की सुंदर रंगोली सजाकर एवं दीप प्रज्वलित किए गए। इस अवसर पर श्री गंगादास की बड़ी शाला के महंत रामसेवक महाराज, देव प्रकाश गिरी, बरुआ बाबा, गौशाला के संत ऋषभ देवानंद महाराज, संत रामदेव भारती नागा बाबा, कमल पुरी महाराज उपस्थित थे। संतों ने दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। तुलसी मानस प्रतिष्ठान के अध्यक्ष राकेश जादौन ने संतों का स्वागत किया। 

कार्यक्रम का संचालन विहवल सेंगर ने तथा आभार राकेश दीक्षित ने व्यक्त किया। दीपोत्सव में अजय सोनी द्वारा बांसुरी का वादन किया। पं. सोमनाथ मिश्रा, पं.जगन्नाथ प्रसाद ढोलक पर अजीज अहमद ने संगीत दिया। कार्यक्रम में क्षत्रिय महासभा के महामंत्री सुरेंद्र सिंह चौहान, रामबाबू कटारे, उमेश अप्पल, महाराजा मानसिंह कला संस्कृति के श्याम सिंह और नीलू भदौरिया उपस्थित थे।

Comments