बिहार के बीजेपी एमएलसी की कोरोना से मौत

बीजेपी एमएलसी सुनील सिंह का निधन…
बिहार के बीजेपी एमएलसी  की कोरोना से मौत

बीजेपी एमएलसी सुनील कुमार सिंह एक हफ्ते पहले ही कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। संक्रमण मिलने के बाद MLC सुनील कुमार सिंह को पटना एम्स में भर्ती कराया गया था। लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। मंगलवार की रात वो कोरोना से जंग हार गए और दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानपार्षद सुनील कुमार सिंह की मौत पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुनील कुमार सिंह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। सामाजिक कार्यों में उनकी गहरी अभिरुचि थी। 

अपने व्यक्तित्व की बदौलत उन्होंने समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। उनका निधन राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधान पार्षद के पुत्र सुजीत कुमार से बात कर उन्हें सांत्वना दी। सुनील कुमार सिंह के निधन पर बिहार के राज्यपाल फागू सिंह चौहान और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी शोक जताया है। इधर डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट किया है कि 'सुनील कुमार सिंह MLC दरभंगा COVID उपचार हेतु AIIMS पटना में भर्ती थे ।हॉर्ट अटैक से मृत्यु हो गयी।हम सब लोग दुःखी है।ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे' बिहार के सियासी गलियारे में कोरोना से ये पहली मौत है। 

इससे पहले राज्य सरकार के मंत्री विनोद कुमार सिंह, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय जायसवाल, जदयू नेता अजय आलोक और रामकृपाल यादव के अलावा कई बड़े नेता कोरोना की जद में आ चुके हैं। नेताओं के साथ उनके घरवाले भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। बीजेपी अध्यक्ष संजय जायसवाल तो दो दिन पहले ही स्वस्थ होकर होम क्वारंटीन हुए हैं। जबकि उनके परिजनों का इलाज अभी चल रहा है। बिहार में कोरोना लगभग बेकाबू ही दिख रह है। स्वास्थ्य विभाग के अपडेट के मुताबिक राज्य में अबतक 28,564 कोरोना पीड़ित मिल चुके हैं। इनमें से 199 की मौत हो गई है। हालांकि ठीक होनेवालों की तादाद 18,741 है लेकिन राज्य में कोरोना के अभी भी 9,624 एक्टिव केस हैं।

Comments