पाकिस्तान ने पुंछ में इफ्तार के वक्त दागे गोले

रमजान में भी पाक की गोलाबारी…

पाकिस्तान ने पुंछ में इफ्तार के वक्त दागे गोले


जम्मू। रमजान के महीने में भी पाकिस्तान कश्मीर के बेगुुनाह नागरिकों को निशाना बना रहा है। रमजान के महीने के छठवें दिन यानी गुरुवार को भी पाकिस्तान ने पुंछ में लाइन ऑफ कंट्रोल के पार से भारी गोलीबारी की। पुंछ के डिप्टी कमिश्नर राहुल यादव ने दैनिक भास्कर को बताया कि इस फायरिंग में घर के बाहर खड़े 12वीं के छात्र की मौत हो गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुंछ की तेन मनकोटे तहसील में मो. राशिद के घर में इफ्तार की तैयारियां चल रही थीं। उनका लड़का गुलफराज (16) घर के बाहर खड़ा हुआ था। इसी दौरान पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की गई और मोर्टार का स्प्लिंटर लड़के को लग गया। एक अधिकारी ने बताया कि लड़के की छाती में मोर्टार का हिस्सा लगा था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि युवक को पास के अस्पताल भी नहीं ले जाया जा सका, क्योंकि पाकिस्तान की तरफ से लगातार गोलीबारी की जा रही थी। देर शाम तक यह जारी रही। जम्मू में सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि शाम करीब 7 बजे पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी शुरू की गई।

गुरुवार को जब पाकिस्तान ने फायरिंग की तो भारतीय सेना ने इसका जवाब दिया। दोनों ओर से लगातार जारी फायरिंग की वजह से लोग शांति से घरों में इबादत भी नहीं कर पाए। जम्मू में सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा कि बुधवार को पाकिस्तान ने पुंछ के शाहपुर और किरनी सेक्टर में शाम करीब सवा पांच बजे फायरिंग की थी। इसके बाद उन्होंने मनकोटे और मंधार सेक्टर में मोर्टार से फायरिंग की।

इससे पहले मंगलवार को भी शाहपुर, किरनी, कासबा में फायरिंग की गई थी। सोमवार को इफ्तार से पहले भी पाकिस्तान ने सीजफायर उल्लंघन किया था। पाकिस्तान की कोशिश फायरिंग की आड़ में भारतीय सीमा में हथियारबंद घुसपैठियों को भेजने की है।

Comments