ग्वालियर जिले में मिले कोरोना के 4 नए पॉजिटिव केस

प्रतिबंधात्मक आदेशों का कड़ाई से कराया जायेगा पालन...

ग्वालियर जिले में मिले कोरोना के 4 नए पॉजिटिव केस


ग्वालियर। नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण के 4 नए प्रकरण आज ग्वालियर में पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में अब तक कुल 6 पॉजिटिव प्रकरण हो गए हैं। उनमें से 2 प्रकरणों में मरीजों का उपचार करने के पश्चात निगेटिव रिपोर्ट प्राप्त हो गई हैं। जिले में अब तक 235 सेम्पल जांच हेतु भेजे गए हैं। जिनमें से 185 की रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है।  11 प्रकरणों में जांच की आवश्यकता नहीं पाई गई है। कुल 33 प्रकरणों में रिपोर्ट प्राप्त होना शेष है।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि ग्वालियर जिले में मंगलवार 7 अप्रैल को 4 प्रकरणों में पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई है। पॉजिटिव पाए गए सभी मरीजों को उपचार हेतु सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में भर्ती कर उपचार प्रारंभ कर दिया गया है। पॉजिटिव पाए गए 4 प्रकरणों में 3 प्रकरण ग्वालियर जिले के बाहर के हैं। इनमें महाराष्ट्र, सहारनपुर एवं इंदौर से आए मरीज शामिल हैं। एक मरीज की विस्तृत जांच हेतु मेडीकल टीम भेजी गई है।

कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि जिले में होम क्वारंटाइन किए गए लोगों की संख्या 1428 है। जबकि विदेश से आए हुए यात्रियों की संख्या 496 है। जिले में अब तक 3 हजार 829 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। ग्वालियर जिले में यात्रियों के लिये कुल 7 कैम्प बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्वालियर जिले में पाए गए चारों पॉजिटिव मरीजों के संबंधियों एवं उनकी यात्रा के संबंध में विस्तृत जानकारी टीम द्वारा एकत्रित की जा रही है। उनके क्षेत्र के अन्य लोगों की जांच भी प्रशासन द्वारा कराई जायेगी।

कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह ने ग्वालियर में नए पॉजिटिव केस मिलने के बाद लॉकडाउन का पालन और सख्ती से करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने जिले की आम जनता से भी अपील की है कि नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु हर व्यक्ति सहयोग करे और अपने घर में ही रहे। अनावश्यक रूप से कोई भी व्यक्ति घर के बाहर न निकले। नोवेल कोरोना के संक्रमण से बचने का एक मात्र तरीका सावधानी है। जिले का हर नागरिक अपने घर में रहे और प्रशासन द्वारा जारी किए गए प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन करे।

Comments