चीन से लौटे लोगों को आईटीबीपी और सेना के कैंप में भेजा…
वुहान से 324 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान दिल्ली पहुंचा
बीजिंग/नई दिल्ली l कोरोनावायरस के डर के बीच चीन के वुहान में फंसे 324 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का डबल डेकर जंबो 747 विमान शनिवार सुबह दिल्ली पहुंचा। इनमें 211 छात्र, 110 कामकाजी व्यक्ति और तीन नाबालिग शामिल हैं। 324 में से 104 को दिल्ली के छावला स्थित आईटीबीपी सेंटर और 220 को सेना द्वारा मानेसर में तैयार शिविर ले जाया गया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि राम मनोहर लोहिया के पांच डॉक्टरों की टीम दूसरे विमान के साथ 1.37 बजे रवाना हो गया। रेस्क्यू टीम का एयर इंडिया के ऑपरेशन डायरेक्टर कैप्टन अमिताभ सिंह नेतृत्व कर रहे हैं।” पहली फ्लाइट में भी 5 डॉक्टरों की टीम मौजूद थी। इसके अलावा एक पैरामेडिकल स्टाफ, 5 कॉकपिट क्रू मेंबर और केबिन क्रू के 15 सदस्य मौजूद थे। इससे पहले, विमान को वुहान एयरपोर्ट से उड़ान भरने में थोड़ी देरी हुई थी। चीनी अधिकारियों ने स्क्रीनिंग के दौरान शरीर का तापमान ज्यादा होने के कारण छह भारतीयों को विमान में बैठने नहीं दिया।
उधर, चीन में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या 259 हो गई है वहीं 11,791 लोग इस संक्रमण की चपेट में हैं। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने शनिवार को यह जानकारी दी। आयोग ने कहा, “31 जनवरी की मध्यरात्रि तक स्वास्थ्य आयोग को 31 प्रांतों से 11,791 लोगों में कोरोनावायरस का संक्रमण पाए जाने की सूचना मिली है जिसमें से 1,795 लोगों की हालत गंभीर है। 17,988 से अधिक लोगों में कोरोनावायरस का संदेह पाया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोनावायरस के 2,100 के नए मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय में विशेष सचिव संजीव कुमार ने बताया था कि चीन से भारत पहुंचे नागरिकों को एहतियातन 14 दिनों तक दिल्ली के छावला में स्थित आईटीबीपी सेंटर में रखा गया। यहां पर 600 बेड की सुविधाएं हैं। वहीं, सफदरजंग अस्पताल में भी गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए अलग से 50 बेड का इंतजाम किया गया है। हरियाणा के मानेसर में भी चीन से लौटने वाले भारतीयों के लिए सेना ने एक शिविर बनाया है, जिसमें करीब 300 लोगों को रखा जा सकता है। सभी लोग डॉक्टरों की टीम और स्टाफ की निगरानी में 14 दिन तक रहेंगे।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शुक्रवार को ग्लोबल इमरजेंसी की घोषणा कर दी थी। हालांकि, चीन की यात्रा और किसी भी प्रकार के व्यापार पर रोक नहीं लगाई गई थी। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, भारत समेत 21 देशों में कोरोनावायरस संक्रमण के 100 मामले सामने आए हैं। इनमें चीन, हॉन्गकॉन्ग, दक्षिण कोरिया, अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी, भारत, श्रीलंका, नेपाल, थाइलैंड, मलेशिया, कंबोडिया, जापान, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, ताइवान, मकाऊ, वियतनाम, यूएई, रूस और ब्रिटेन शामिल हैं।


0 Comments