मंत्रियों ने दीं शुभकामनाएं...
खाद्य मंत्री श्री तोमर आज मुख्य समारोह में करेंगे ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को सम्पूर्ण प्रदेश की तरह ग्वालियर में भी उत्साह और उमंग के साथ मनाया जायेगा। जिले का मुख्य समारोह कम्पू स्थित एसएएफ ग्राउण्ड पर आयोजित होगा। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।
इसके साथ ही संभागीय आयुक्त कार्यालय मोतीमहल में कमिश्नर श्री एम बी ओझा प्रात: 8 बजे, कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी 7.30 बजे और संभागीय जनसंपर्क कार्यालय ग्वालियर के पड़ाव स्थित सूचना केन्द्र पर अपर संचालक श्री जी एस मौर्य प्रात: 7.15 बजे ध्वजारोहण करेंगे।
ग्वालियर 25 जनवरी 2020/ प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गणतंत्र दिवस पर जिले के नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं। श्री तोमर ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि नागरिक इस राष्ट्रीय पर्व पर नगर को स्वच्छ रखने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सरकार नगरों में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिये कृत-संकल्पित है।
- खाद्य मंत्री श्री तोमर
ग्वालियर 25 जनवरी 2020/ प्रदेश के पशुपालन, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास मंत्री श्री लाखन सिंह यादव ने सभी प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस पर संकल्प लें कि प्रदेश को खुशहाल बनाने में अपना योगदान देंगे। प्रदेश में गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राज्य सरकार ने प्रथम चरण में एक हजार गौशालायें शुरू की हैं। गौवंश के संवर्धन एवं संरक्षण में भी सहयोग करें।
- पशुपालन मंत्री श्री यादव
ग्वालियर 25 जनवरी 2020/ महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहाकि इस गणतंत्र दिवस पर हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हमारे प्रदेश की हर माँ, हर बच्चा स्वस्थ-सुपोषित रहे। प्रदेश की हर एक बेटी निर्भय होकर प्रगति करें, आगे बढ़ें और आसमान की ऊँचाइयाँ छू लें। इसके लिये हम हर संभव प्रयास करेंगे।
- मंत्री श्रीमती इमरती देवी
प्रदेश के वन मंत्री एवं ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री श्री उमंग सिंघार ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। श्री सिंघार ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भारत को विश्व में महान लोकतांत्रिक देश के रूप में पहचान और प्रतिष्ठा मिली है।
प्रभारी मंत्री श्री सिंघार ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के विभिन्न राज्य, भाषा, वेश-भूषा, जाति और संस्कृति को एक सूत्र में पिरोया है। गणतंत्र दिवस इन्हीं संवैधानिक अधिकारों और कर्त्तव्यों के प्रति जागरूक होने का पर्व है। श्री सिंघार ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों से संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने का आव्हान किया है।
- प्रभारी मंत्री उमंग सिंघार


0 Comments