शुद्ध के लिए युद्ध अभियान की रैली आज...
रैली को कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया हरी झंडी दिखायेंगे
ग्वालियर। ग्वालियर में स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों का 31 जनवरी को लोकार्पण कराये जाने की तैयारी है, वहीं शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत लगभग 25 से 30 हजार लोगों का एक मार्च भी निकाला जायेगा। इसे कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया हरी झंडी दिखायेंगे। इस मौके पर राज्य के कई मंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
उक्त जानकारी आज जिला कलेक्टर अनुराग चौधरी ने दी। कलेक्टर चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बताया कि मिलावट के खिलाफ अभियान जिलेभर में बेहद सफल रहा है। इसके तहत कई मिलावट माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है और जुर्माने व जेल भेजने की कार्रवाई भी की है। लेकिन अब जिलेभर में मिलावट के खिलाफ जागरूकता की जरूरत है, ताकि आम आदमी भी इस अभियान का हिस्सा बन सकें।
जिला कलेक्टर चौधरी ने बताया कि अब मिलावट के खिलाफ व शुद्धता के लिये अभियान में जनजागरण पर भी प्रशासन जोर दे रहा है। इसके तहत आगामी 31 जनवरी को अपरान्ह मोतीमहल से विशाल मार्च निकाला जायेगा। इसमें जिले के अलावा भारी संख्या में शहरवासी भी शिरकत करेंगे। इसमे प्रारंभिक तौर पर अनुमान 30 हजार लोगों के आने का हैं। यह संख्या बढ़कर 40 हजार तक भी पहुंच सकती है।
इसके अलावा 31 जनवरी को स्मार्ट सिटी परियोजना के एकीकृत कमांड कन्ट्रोल रूम का शुभारंभ भी कराया जायेगा। जिला कलेक्टर चैधरी के अनुसार इस कार्यक्रम का शुभारंभ भी विभिन्न मंत्रियों की उपस्थिति में होगा। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्य के मंत्रीगण प्रद्युम्न सिंह तोमर, तुलसी सिलावट, इमरती देवी, लाखन सिंह यादव भी उपस्थित रहेंगे।
जिला कलेक्टर ने बताया कि स्मार्ट सिटी के कन्ट्रोल कमांड सेंटर पर लगभग 30 करोड़ रूपये का व्यय हुआ है और इससे शहर को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इसी मौके पर स्मार्ट सिटी परियोजना की 7 बसें भी लांच की जायेंगी। इस मौके पर एडीएम अनूप कुमार सिंह, सीईओ स्मार्ट सिटी महीप तेजस्वी, एसडीएम जयति सिंह आदि भी उपस्थित थे।



0 Comments