हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मना 71वाँ गणतंत्र दिवस समारोह...
एस.ए.एफ ग्राउंड पर मंत्री श्री तोमर ने फहराया राष्ट्रध्वज
ग्वालियर l 26 जनवरी 2020/ 71वाँ गणतंत्र दिवस समारोह ग्वालियर जिले में उत्साह, उमंग, हर्षोंल्लास एवं धूमधाम के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। यहाँ कम्पू स्थित एस.ए.एफ ग्राउंड पर आयोजित हुये गरिमामयी मुख्य समारोह में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली।
गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व कारगिल शहीदों के परिजनों को शॉल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने शांति और खुशहाली के प्रतीक हरा, सफेद व केसरिया रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा मनोहारी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गईं शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित आकर्षक झाँकियां भी आकर्षण का केन्द्र रहीं।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित हुए मुख्य समारोह में खाद्य मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात उन्होंने कलेक्टर अनुराग चौधरी व पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन के साथ खुली जीप में सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। संयुक्त परेड में शामिल जवानों ने इस अवसर पर मधुर-धुन के बीच हर्ष फायर किये और राष्ट्रपति के जयकारे लगाये । मंत्री श्री तोमर ने 71वे गणतंत्र दिवस पर सभी जिलेवासियों का अभिनंदन किया और बधाई दी।
आकर्षक मार्चपास्ट से सभी हुए प्रभावित
संयुक्त परेड में सीमा सुरक्षा बल, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल की द्वितीय वाहिनी, 13वीं व 14वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल, जिला महिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी जूनियर व सीनियर गर्ल्स, एनसीसी सीनियर व जूनियर बॉयज, स्काउट व गाइड, शौर्यादल एवं महिला व पुरूष नगर रक्षा समिति की टुकड़ियों ने बीएसएफ एवं द्वितीय वाहिनी एस ए एफ. के बैण्ड की मधुर धुन के साथ आकर्षक मार्चपास्ट किया। संयुक्त परेड का नेतृत्व परेड कमाण्डर रक्षित निरीक्षक श्री अरविंद सिंह दांगी ने किया। मार्चपास्ट के पश्चात सभी टुकड़ियों के परेड कमांडर्स से मुख्य अतिथि ने परिचय प्राप्त किया। समारोह में हाईड्रोलिक फायर ब्रिगेड मशीन के प्रदर्शन को भी दर्शकों ने सराहा।
इस मार्चपास्ट में सीनियर वर्ग में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल को प्रथम, सीमा सुरक्षा बल को द्वितीय एवं एसएएफ द्वितीय वाहिनी को तृतीय स्थान प्राप्त होने पर शील्ड मुख्य अतिथि द्वारा प्रदान की गई। इसी तरह जूनियर वर्ग में एनसीसी सीनियर बॉयज को प्रथम, एनसीसी जूनियर गर्ल्स को द्वितीय व एनसीसी सीनियर बालिका को तृतीय स्थान की शील्ड से नवाजा गया।
देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांधा
स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति में स्कूली बच्चों द्वारा देश की रक्षा के लिये प्रतिबद्ध जाबाज सैनिकों की गाथा प्रस्तुत कर बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों को देशभक्ति के जज्बे से सराबोर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति में रेडियन्ट हायर सेकेण्ड्री स्कूल को प्रथम पुरस्कार मिला। किडीज कॉर्नर स्कूल के बच्चों ने द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। शासकीय पद्मा कन्या विद्यालय को तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया। जबकि ईसीएस बैगलेस स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता का संदेश की आकर्षक प्रस्तुति हेतु 11 हजार रूपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
राष्ट्रीय श्वान दस्ते ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
एसएएफ मैदान पर गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए गरिमामयी समारोह में मौजूद नागरिकों को भारतीय सीमा सुरक्षा बल के राष्ट्रीय श्वान दस्ते द्वारा किए गए हैरतअंगेज करतबों ने सभी को भीतर तक प्रभावित किया। अपराधियों से निपटना हो अथवा फिर तस्करों की पहचान या फिर कठिन बाधाओं के बीच से होकर गुजरना हो। राष्ट्रीय श्वान दस्ते ने सभी बाधाओं को फतह करने का जीवंत प्रदर्शन करके दिखाया। समारोह में हजारों की संख्या में मौजूद गणमान्य नागरिकों व बच्चों ने करतल ध्वनि के साथ इनका उत्साहवर्धन किया।
आकर्षक झाँकियाँ भी निकलीं
समारोह में शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर केन्द्रित विभिन्न विभागों द्वारा चलित झांकियां निकाली गई। जिसमें जिला पंचायत की झाँकी को सर्व ग्वालियर की थीम की आकर्षक प्रस्तुति के लिए प्रथम पुरस्कार, जेल विभाग की झांकी को द्वितीय और महिला-बाल विकास विभाग द्वारा बाल शिक्षा केन्द्र को आकर्षक रूप से प्रस्तुत करने के लिए तृतीय पुरस्कार के रूप में मुख्य अतिथि श्री तोमर ने शील्ड प्रदान की। इनके अलावा नगर निगम, किसान कल्याण एवं कृषि विकास, लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी, जनजाति कल्याण, उद्यानिकी, वन, सर्वशिक्षा अभियान, जिला उद्योग केन्द्र, सहकारिता आदि विभागों की झांकियां भी आकर्षण का केन्द्र रहीं।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिले पुरस्कार
मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन सहित अन्य विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अन्य शासकीय सेवकों और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सेवी संस्थाओं एवं व्यक्तियों को प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही साहसिक ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को भी मुख्य अतिथि श्री तोमर ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
एसएएफ ग्राउण्ड पर आयोजित हुए मुख्य समारोह में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव, विधायक प्रवीण पाठक, खाद्य मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की माताश्री श्रीमती सुधादेवी तोमर, संभाग आयुक्त एम बी ओझा, आईजी ग्वालियर रेंज राजाबाबू सिंह, आईजी चंबल रेंज संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर अनुराग चौधरी, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम वर्मा, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त शिवराज वर्मा, अपर कलेक्टर अनूप कुमार सिंह, अपर कलेक्टर टी एन सिंह, एडीएम किशोर कान्याल, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य आदि उपस्थित थे।
समारोह में जिले के स्वतंत्रता संग्राम सैनानी, शहीदों के परिजन एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में शहरवासी 71वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए भव्य एवं गरिमामयी समारोह के साक्षी बने।
खाद्य मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बच्चों के साथ लिया सुरूचि भोज
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिले के सभी शासकीय स्कूलों में मध्यान्ह भोजन के तहत बच्चों के लिये विशेष सुरूचि भोज का आयोजन किया गया। गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शासकीय बालक माध्यमिक विद्यालय रेलवे कॉलोनी में आयोजित हुए विशेष भोज में शामिल हुए।
इस सुरूचि भोज में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व प्रशासनिक अधिकारियों व बच्चों ने सब्जी, खीर, पूड़ी व लड्डुओं का आनंद भी लिया। विशेष भोज में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव, कलेक्टर अनुराग चौधरी, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम वर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए।
संभाग आयुक्त ने मोतीमहल और कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण
ओहदपुर पहाड़ी पर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर अनुराग चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इसी तरह जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक जी एस मौर्य ने पड़ाव स्थित सूचना केन्द्र पर ध्वजारोहण किया।
इसी प्रकार जिले में शहर से लेकर गाँव-गाँव तक गणतंत्र दिवस समारोह उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।
निगम मुख्यालय एवं परिषद कार्यालय पर निगमायुक्त ने किया झंडावंदन
71वें गणतंत्र दिवस समारोह पर नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन ने निगम मुख्यालय सिटीसेंटर एवं जल विहार स्थित परिषद कार्यालय पर ध्वाजारोहण किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त नरोत्तम भार्गव, आर के श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, दिनेश शुक्ला, उपायुक्त देवेन्द्र सिंह चैहान, प्रेम पचैरी, प्रदीप चतुर्वेदी, अतिबल सिंह यादव, फायर ब्रिगेड के अधिकारियों सहित अनेक विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित गणवेश में उपस्थित थे।
इस अवसर पर निगमायुक्त संदीप माकिन ने शहरवासियों एवं निगम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें देते हुये शहर को स्वच्छ रखने एवं शहर विकास के लिये एकजुट होकर टीम भावना के साथ मिलकर कार्य करने का आव्हान किया। जिससे हमारा शहर ग्वालियर एक अत्याधुनिक सर्वसुविधायुक्त स्मार्ट शहर के रुप में स्थापित हो सके।
निगमायुक्त श्री माकिन ने कहा कि वर्तमान में ग्वालियर शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 का सर्वे चल रहा है। इसके लिए नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी पूरी ईमानदारी व जबावदारी के साथ सहभागिता करें। इसके साथ ही शहर के नागरिक भी शहर की स्वच्छता के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ करें।
फायर अमले द्वारा हाइड्रोलिक प्लेटफोर्म मशीन का प्रदर्शन
गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर निगम ग्वालियर द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम में एस. ए एफ. ग्राउण्ड पर निगम के फायर अमले द्वारा हाइड्रोलिक प्लेटफोर्म मशीन का प्रदर्शन किया गया। यह नई अत्याधुनिक प्लेटफार्म मशीन आने से जहां एक ओर शहर की बहुमंजिला ईमारतें किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना से सुरक्षित रहेगीं तथा शहर को एक नई अत्याधुनिक सुविधा मिलेगी।
निगम के फायर अमले ने प्रदर्शन के साथ ही बताया कि यह प्लेटफार्म 52 मीटर ऊंचाई तक लगी आग बुझायेगा। यह मशीन 3 हजार लीटर प्रति मिनट पानी फेंककर आग बुझा सकती है साथ ही 5 से 8 लोगों के खडे होने की सुविधा है प्लेटफार्म पर और इसमें अलग से एक नोजल लगा हुआ है जिसमें पाइप फिट कर दमकल कर्मचारी ऊपर इमारत मंे प्रवेश कर आग बुझा पायेगें।
नगर निगम द्वारा तैयार की गई फायर प्रदर्शनी में सबसे आगे फायर बिग्रेड के दो वाहन थे जिसमें वाटर मिक्स सिस्टम मोटर साइकिल जो कि विद्युत से लगी आग को बुझाने के काम आती है तथा दूसरा वाहन क्विक रिसपांस व्हीकल था जो कि छोटा चार पहिया वाहन है तथा यह वाहन गली मोहल्लों जहां बडी गाडी नहीं पंहुच पाती वहां तत्काल पंहुचकर अग्नि दुर्घटना पर काबू पाने में सक्षम है।
इसी क्रम में शहर के तुलसी मानस संसथान के अध्यक्ष राकेश सिंह जड़ों ने अपनी टीम के साथ संसथान परिसर में किया ध्वजारोहण। ध्वजारोहण करने के बाद एक दूसरे को मिठाई खिलाकर 71 वे गणतंत्र दिवस की दी शुभकामनाएं।



0 Comments