कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील रवैया रखते हुए...
कमजोर वर्गों से संबंधित शिकायतों का करें निराकरणः डीआईजी चम्बल
ग्वालियर। 2 दिसंबर 2019 को ‘‘होटल लेण्डमार्क एन.एक्स.’’ में ‘‘कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता’’ विषय पर रेंज स्तरीय दो दिवसीय सेमीनार का आयोजन किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि अशोक गोयल ने इस अवसर पर कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील रवैया रखते हुए उनसे संबंधित शिकायतों का शीघ्रता से निराकरण करें।
विवेचक को रिपोर्ट दर्ज करते समय अपने आप को पीड़ित के स्थान पर रखकर रिपोर्ट दर्ज करनी चाहिए और एससी/एसटी तथा महिला संबंधी प्रकरणों की विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जावे।
दो दिवसीय सेमीनार में उद्घाटन उपरान्त अशोक गोयल, पुलिस उप महानिरीक्षक, चम्बल रेंज ने महिला एवं बाल अपराध से संबंधित अपराध की विवेचना में रखी जाने वाली सावधानियों एवं कमियों को दूर करने के उपाय’’ विषय में विस्तृत जानकारी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी।
इसी कड़ी में सेमीनार में राकेश सिन्हा, से.नि. उप पुलिस अधीक्षक के द्वारा अपराधों की विवेचना में भौतिक साक्ष्यों का संकलन एवं भौतिक साक्ष्यों का न्यायालयीन कार्यवाही में महत्व’’ विषय पर व्याख्यान दिया।
सेमीनार में श्रीमती उषा पाठक, सहायक अनुसंधाान अधिकारी, आदिम जाति कल्याण विभाग मुरैना द्वारा ‘‘ कमजोर वर्गो के सशक्तिकरण हेतु राहत प्रकरणों के त्वरित निराकरण में संवेदशील रवैया एवं आकस्मिकता योजना के तहत गंभीर अपराधों में नये प्रावधान के अनुसार आवंटन’’ विषय पर उपस्थित अधिकारी व कर्मचारियों व्याख्यान दिया।
मध्यान के उपरांत सुधीर कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक, सायबर ने सेमीनार में ‘‘सायबर अपराध’’ विषय पर अपना व्याख्यान दिया। श्री अनिल मिश्रा अति0 लोक अभियोजन अधिकारी ग्वालियर द्वारा ‘‘अनुसूचित जाति और जनजाति प्रकरणों में बरती गई असावधानियों के निवारण, जिससे सजा प्रतिशत में बढोत्तरी हो सके’’ विषय पर व्याख्यान दिया गया।
दो दिवसीय सेमीनार का समापन दिनांक 03.12.19 को किया जाएगा।
सेमीनार का शुभारंभ प्रातः 10ः30 बजे मुख्य अतिथि अशोक गोयल, पुलिस उप महानिरीक्षक, चम्बल रेंज द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री आलोक कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक, अजाक, चंबल रेंज द्वारा की गई तथा कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्री राकेश सिन्हा, से.नि. उप पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे। सेमीनार में उपस्थित मुख्य अतिथि का श्री आलोक कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक, अजाक, चंबल रेंज द्वारा स्वागत किया गया। इस आयोजन में चम्बल रेंज के लगभग 70 से अधिक अधिकारी व कर्मचारी सम्मलित हुए हैं।


0 Comments